लाहौर। पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार (Ishaq Dar) के पोते मोहम्मद रजा डार (Mohammad Raza Dar) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लाहौर की एक अदालत ने दो विदेशी महिलाओं के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म, (Gang rape) अपहरण और बंधक बनाने के मामले में रजा डार समेत आठ आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए हैं। अदालत ने अभियोजन पक्ष को 9 दिसंबर 2026 को गवाह पेश करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही मामले की नियमित न्यायिक सुनवाई का रास्ता साफ हो गया है।
न्यायाधीश रफकत अली गोंडल की अदालत में पेशी के दौरान रजा डार समेत सभी आठ आरोपियों ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया। अदालत अब अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान दर्ज करेगी।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत क्रिप्टोकरेंसी निवेश को लेकर हुई थी। शिकायतकर्ता महिलाओं की पहचान नीदरलैंड की स्टेफनी एडनाना माउ-अरुण और वेनेजुएला की एस्ट्रिड रॉबिन्सन बाराचो के रूप में हुई है। दोनों की मुलाकात वर्ष 2025 में सिंगापुर में रजा डार से हुई थी। आरोप है कि महिलाओं ने उसकी क्रिप्टोकरेंसी कंपनी में पांच लाख डॉलर (करीब चार करोड़ रुपये से अधिक) का निवेश किया था।
शिकायत के अनुसार, जून 2026 में रजा डार ने नए निवेशकों से मुलाकात कराने के बहाने दोनों महिलाओं को पाकिस्तान बुलाया। इस्लामाबाद और मुरी घुमाने के बाद उन्हें लाहौर के पॉश इलाके डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (डीएचए) स्थित एक मकान में ले जाया गया।
आरोप है कि वहां रजा डार और उसके साथियों ने दोनों महिलाओं को बंधक बना लिया। उन्हें बंदूक, चाकू और कांच के टुकड़ों से डराया-धमकाया गया। शिकायत में जबरन 19,500 डॉलर ट्रांसफर कराने और शेष रकम नहीं देने पर जान से मारने तथा शरीर के अंग बेचने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। इसी दौरान दोनों महिलाओं के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
सड़क हादसे के बाद आरोपियों के चंगुल से भागीं महिलाएं
शिकायत के मुताबिक, जब आरोपी महिलाओं को लाहौर एयरपोर्ट ले जा रहे थे, तभी उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दौरान मौका पाकर दोनों महिलाएं आरोपियों के चंगुल से भागने में सफल रहीं।
इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस में बयान दर्ज कराने के बाद कराए गए मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि होने का दावा किया गया है। बाद में दोनों महिलाएं अपने-अपने देश लौट गईं।
पुलिस जांच पर भी उठे थे सवाल
इस मामले में पंजाब पुलिस की शुरुआती जांच को लेकर भी सवाल उठे थे। आरोप है कि जांच के दौरान रजा डार और उसके प्रभावशाली साथियों को दुष्कर्म के आरोपों से अलग रखने तथा पूरा मामला कर्मचारियों पर डालने की कोशिश की गई थी। हालांकि, अब अदालत ने रजा डार समेत आठ आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं।
पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार के परिवार से जुड़े इस मामले ने देश में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा छेड़ दी है। विदेशी नागरिकों से जुड़े होने के कारण यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान आकर्षित कर रहा है। हालांकि, अदालत में आरोप तय होना दोष सिद्ध होना नहीं है। मामले में आरोपियों के खिलाफ सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया अभी जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved