img-fluid

बातचीत कम, दिखावा ज्यादा! ट्रंप-पुतिन और जिनपिंग की बैठक को लेकर चीन की अजीब शर्त

November 12, 2026

नई दिल्ली। दुनिया की तीन बड़ी शक्तियों अमेरिका, रूस और चीन (America, Russia, and China) के राष्ट्राध्यक्षों की संभावित बैठक को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इसी महीने चीन के शेनझेन में एक मंच पर आ सकते हैं। हालांकि, बैठक की तारीख और कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। इस बीच बैठक के स्वरूप को लेकर चीन की एक शर्त चर्चा में है। चीन चाहता है कि तीनों नेताओं के बीच बातचीत पहले से तय एजेंडे और कार्यक्रम के मुताबिक हो, ताकि अचानक किसी संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा की नौबत न आए।



  • ट्रंप-पुतिन और जिनपिंग की एक साथ बैठक की तैयारी

    ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन चाहता है कि तीनों नेता बैठक में पहले से तैयार किए गए बयान पढ़ें और चर्चा का दायरा भी पहले ही निर्धारित कर लिया जाए। हालांकि, व्हाइट हाउस ने चीन के इस सुझाव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है।

    दरअसल, पिछले महीने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने तीनों देशों के नेताओं की संयुक्त बैठक का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को चीन के शेनझेन में प्रस्तावित एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन के दौरान इस बैठक को आयोजित करने की संभावना पर चर्चा शुरू हुई। लेकिन बैठक के एजेंडे और प्रारूप को लेकर अमेरिका और चीन के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं।

    परमाणु हथियारों का मुद्दा उठाना चाहते हैं ट्रंप

    रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस बैठक में चीन के तेजी से बढ़ते परमाणु हथियारों के भंडार का मुद्दा उठाना चाहते हैं। अमेरिका की चिंता है कि चीन अपने परमाणु हथियारों की क्षमता में तेजी से विस्तार कर रहा है। वहीं, चीन इस तरह की अचानक होने वाली चर्चा से बचना चाहता है।

    चीन की इच्छा है कि बैठक में तीनों देशों के राष्ट्रपति पहले से निर्धारित विषयों पर ही अपनी बात रखें। इससे चर्चा का स्वरूप नियंत्रित रहेगा और किसी अप्रत्याशित विवाद की आशंका भी कम होगी।

    क्या चाहता है चीन?

    ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन इस बैठक की मेजबानी तभी करना चाहता है, जब तीनों देश पहले से एजेंडे और संभावित नतीजों पर सहमत हों। एक चीनी अधिकारी के अनुसार, शी जिनपिंग यूक्रेन युद्ध और अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर तय योजना के तहत चर्चा करने को तैयार हैं, लेकिन बिना तैयारी के अचानक होने वाली बातचीत में शामिल नहीं होना चाहते।

    अधिकारी के मुताबिक, यदि बैठक का एजेंडा और नेताओं के बयान पहले से निर्धारित नहीं होते हैं, तो जिनपिंग संयुक्त बैठक के बजाय अलग-अलग देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बातचीत को प्राथमिकता दे सकते हैं।

    बैठक को ऐतिहासिक दिखाने की तैयारी?

    रिपोर्ट में सामने आया है कि चीन इस बैठक को एक बड़े कूटनीतिक आयोजन के रूप में पेश करना चाहता है। इसमें तीनों नेताओं की संयुक्त तस्वीरें और आधिकारिक बयान जारी किए जाने पर जोर हो सकता है। हालांकि, चीन नहीं चाहता कि बैठक में बिना पूर्व तैयारी के ऐसी चर्चा हो, जिससे कोई अप्रत्याशित कूटनीतिक स्थिति पैदा हो जाए।

    तीनों नेताओं की संभावित मुलाकात को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चाएं तेज हैं। कुछ देशों को आशंका है कि अमेरिका, रूस और चीन के बीच किसी बड़े समझौते का असर वैश्विक शक्ति संतुलन और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था पर पड़ सकता है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि प्रस्तावित बैठक होगी या नहीं और यदि होती है तो उसमें किन मुद्दों पर सहमति बन पाएगी।

    Share:

  • देव दिवाली 2026: 24 नवंबर को मनेगा दीपों का महापर्व, जानिए भगवान शिव की पूजा और दीपदान का शुभ मुहूर्त

    Thu Nov 12 , 2026
    नई दिल्ली । हिंदू धर्म (Hinduism) में देव दिवाली (Dev Diwali) का पर्व विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है। हर साल कार्तिक महीने (Kartik Month) की पूर्णिमा तिथि पर मनाया जाने वाला यह त्योहार दीपों (Lights) के उत्सव के रूप में प्रसिद्ध है। मान्यता है कि इस दिन देवी-देवता स्वयं (Deities) धरती पर उतरकर […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved