img-fluid

पाकिस्तान में चीन की मदद से बन रहे बांध का हिस्सा ढहा, जलाशय में आई बाढ़; निर्माण कार्य रोका गया

November 10, 2026

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में चीन (China in Pakistan) के सहयोग से बनाए जा रहे तारबेला डैम (Tarbela Dam) के विस्तार प्रोजेक्ट में बड़ा हादसा सामने आया है। सोमवार को 1,530 मेगावाट क्षमता वाली तारबेला डैम-5वीं एक्सटेंशन हाइड्रोपावर परियोजना की निर्माणाधीन टनल-5 का एक हिस्सा ढह गया। इसके बाद बांध के जलाशय में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। हादसे के बाद परियोजना स्थल पर आपात स्थिति घोषित कर दी गई है। निर्माण कार्य रोक दिया गया है और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है।



  • 2025 में भी हुआ था बड़ा हादसा

    तारबेला-5 परियोजना में वर्ष 2025 के बाद यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले जुलाई 2025 में परियोजना के निर्माण कार्य में गंभीर नुकसान हुआ था। पाकिस्तान के प्रमुख समाचार पत्र डॉन के मुताबिक, इस घटना की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय स्वतंत्र समिति ने 15 पन्नों की रिपोर्ट में निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया था।

    जांच समिति के अनुसार, ठेका मिलने के बाद परियोजना के डिजाइन में बिना अनुमति बदलाव किए गए थे। इसे बांध को हुए नुकसान का एक प्रमुख कारण माना गया। रिपोर्ट में कहा गया कि ठेकेदार, इंजीनियर और पाकिस्तान जल एवं विद्युत विकास प्राधिकरण (WAPDA) की ओर से अनुबंध संबंधी नियमों और जिम्मेदारियों का पालन नहीं किया गया।

    डिजाइन में मनमाने बदलाव से कमजोर हुआ निर्माण

    जांच रिपोर्ट के मुताबिक, ठेकेदार ने कॉफरडैम (निर्माण के दौरान पानी रोकने के लिए बनाया जाने वाला अस्थायी बांध) के डिजाइन में बदलाव का प्रस्ताव दिया था, जबकि अनुबंध में इसकी अनुमति नहीं थी। इंजीनियर ने तकनीकी मानकों का पूरा परीक्षण किए बिना इस बदलाव को कुछ शर्तों के साथ स्वीकार कर लिया।

    इसके बाद WAPDA ने भी निर्माण कार्य लगभग पूरा होने के समय बिना पर्याप्त जांच के संशोधित डिजाइन को मंजूरी दे दी। रिपोर्ट में कहा गया कि सिविल निर्माण और परामर्श संबंधी अनुबंधों के तहत सभी संबंधित पक्षों ने अपनी जिम्मेदारियों की अनदेखी की। इसके परिणामस्वरूप कमजोर कॉफरडैम का निर्माण हुआ, जिसकी संरचनात्मक विफलता से परियोजना में बाढ़, काम में देरी और आर्थिक नुकसान हुआ।

    रिपोर्ट के अनुसार, परियोजना से जुड़ी कंपनी PCCCL ने चैनल सहित कॉफरडैम के मूल डिजाइन की जगह चट्टानों से भरी संरचना बनाने का प्रस्ताव दिया था। जांच समिति ने इस विकल्प को कमजोर बताया। बाद में यही संशोधित संरचना ढह गई। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि संबंधित अधिकारियों ने बदलाव को मंजूरी देते समय उसकी तकनीकी उपयुक्तता और अनुबंध संबंधी वैधता की पर्याप्त जांच नहीं की।

    ताजा हादसे के बाद एक बार फिर तारबेला-5 परियोजना की निर्माण गुणवत्ता, तकनीकी निगरानी और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठने लगे हैं।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved