
नई दिल्ली ।आईपीएल (Indian Premier League) 2027 के मिनी ऑक्शन (Mini Auction) से पहले फ्रेंचाइजी टीमों के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली का सिलसिला तेज हो गया है। अब तक चार आधिकारिक ट्रेड डील (Trade Deals) पूरी हो चुकी हैं, जिनके तहत कुल 10 खिलाड़ियों ने अपनी पुरानी टीमों का साथ छोड़कर नई फ्रेंचाइजी का रुख किया है। इन बदलावों में कई बड़े भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। सबसे ज्यादा चर्चा मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) और पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर है, जिसमें दोनों टीमों ने अपने प्रमुख खिलाड़ियों की अदला-बदली की है।
इस ट्रेड विंडो की शुरुआत 23 जून को दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हुई डील से हुई थी। इसके तहत लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हुई। पंत को 15 करोड़ रुपये की राशि के साथ दिल्ली की टीम में शामिल किया गया। वहीं, दिल्ली ने अपने प्रमुख स्पिनर कुलदीप यादव को 13.50 करोड़ रुपये में लखनऊ सुपर जायंट्स के हवाले कर दिया। इस सौदे के बाद दोनों टीमों की गेंदबाजी और बल्लेबाजी की रणनीति में बदलाव की संभावना है। पंत पहले भी दिल्ली की फ्रेंचाइजी का हिस्सा रह चुके हैं, इसलिए उनकी वापसी को टीम के लिए अहम बदलाव माना जा रहा है।
इसके बाद 14 अक्टूबर को दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खिलाड़ियों का एक और एक्सचेंज हुआ। इस डील में हैदराबाद के लेग स्पिनर जीशान अंसारी 40 लाख रुपये में दिल्ली कैपिटल्स पहुंच गए। वहीं, दिल्ली के अनुभवी तेज गेंदबाज टी. नटराजन को पांच करोड़ रुपये में सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी टीम में शामिल कर लिया। नटराजन अपनी यॉर्कर गेंदबाजी के लिए पहचाने जाते हैं। उनके आने से हैदराबाद के तेज गेंदबाजी विभाग को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जबकि दिल्ली को जीशान के रूप में स्पिन विकल्प मिला है।
पांच नवंबर को चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चार खिलाड़ियों की बड़ी ट्रेड डील पूरी हुई। इस सौदे में इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन छह करोड़ रुपये और ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स तीन करोड़ रुपये में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बने। दूसरी ओर, चेन्नई ने भारतीय तेज गेंदबाज खलील अहमद को 4.8 करोड़ रुपये और ऑस्ट्रेलियाई पेसर नाथन एलिस को दो करोड़ रुपये में सनराइजर्स हैदराबाद भेज दिया। इस तरह दोनों फ्रेंचाइजी ने अपनी जरूरतों के मुताबिक खिलाड़ियों का संतुलन बदलने का फैसला किया।
अब तक की सबसे चर्चित डील 11 नवंबर को मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच हुई। इस ट्रेड के तहत मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या 18 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स पहुंच गए हैं। वहीं, पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी 18 करोड़ रुपये की राशि के साथ मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन गए हैं। दोनों खिलाड़ियों की अदला-बदली को इस ट्रेड विंडो का सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है। हार्दिक के जाने से मुंबई की कप्तानी और टीम संयोजन को लेकर नए सवाल खड़े होंगे, जबकि पंजाब को उनके अनुभव और ऑलराउंड प्रदर्शन से फायदा मिल सकता है। दूसरी तरफ, अर्शदीप के आने से मुंबई की तेज गेंदबाजी को नया विकल्प मिलेगा।
चारों ट्रेड डील में शामिल 10 खिलाड़ियों में से छह भारतीय और चार विदेशी खिलाड़ी हैं। इन सौदों में ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, टी. नटराजन, जीशान अंसारी, लियाम लिविंगस्टोन, जैक एडवर्ड्स, खलील अहमद, नाथन एलिस, अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या शामिल हैं। सभी बदलाव प्लेयर स्वैप के तहत हुए हैं। इन ट्रेड के बाद संबंधित फ्रेंचाइजी को मिनी ऑक्शन से पहले अपनी टीम की जरूरतों और उपलब्ध विकल्पों के अनुसार आगे की रणनीति तैयार करने का मौका मिलेगा। हालांकि, ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों के इन बदलावों ने आईपीएल 2027 के लिए टीमों के नए संयोजन को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved