नई दिल्ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय और सुप्रिया सुले के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की अटकलों के बीच लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले (Supriya Sule) ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें पार्टी के दोनों गुटों के विलय का कोई प्रस्ताव नहीं मिला है और उनकी पार्टी विपक्षी गठबंधन INDIA के साथ है। हालांकि, केंद्रीय मंत्री बनाए जाने की चर्चाओं पर उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने कहा कि उनके पास विलय को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं आया है और न ही किसी ने इस संबंध में उनसे बातचीत की है। उन्होंने कहा, ‘मुझे विलय का कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। मुझे नहीं पता कि आप किस प्रस्ताव की बात कर रहे हैं।’
अजित पवार के साथ हुई थी विलय पर चर्चा
सुप्रिया सुले ने एनसीपी के दिवंगत नेता अजित पवार का जिक्र करते हुए कहा कि उनके जीवित रहते दोनों दलों के विलय को लेकर चर्चा हुई थी। 17 जनवरी को गोविंदबाग में हुई बैठक का वीडियो भी सार्वजनिक है। उन्होंने कहा कि उस समय सभी को पता था कि विलय को लेकर क्या योजना थी और बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ रही थी, लेकिन अजित पवार के अचानक निधन के बाद परिस्थितियां बदल गईं। उनकी ओर से यह बातचीत वहीं समाप्त हो गई।
इससे पहले एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा था कि यदि अजित पवार जीवित होते तो 12 फरवरी को दोनों गुटों का विलय हो गया होता। वहीं, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के नेताओं की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद विलय की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था।
रामदास आठवले ने दिए थे मंत्री बनाए जाने के संकेत
सुप्रिया सुले के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की अटकलें केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले के बयान के बाद शुरू हुई थीं। उन्होंने कहा था कि सुप्रिया सुले को केंद्र सरकार में मंत्री बनाने पर विचार किया जा सकता है। यह चर्चा ऐसे समय में सामने आई है, जब केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित विस्तार की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, सुले ने मंत्री बनाए जाने की संभावना पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
पीएम मोदी ने शरद पवार से की थी बातचीत
इस बीच, स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते अस्पताल में भर्ती रहे वरिष्ठ नेता शरद पवार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना था। पवार के करीबी विट्ठल मनियार के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान सुप्रिया सुले का भी जिक्र किया था।
मनियार ने बताया था कि प्रधानमंत्री ने शरद पवार से कहा था कि वे पूरी तरह आराम करें। सुप्रिया अब तैयार हैं और वे मिलकर देश की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। इस बातचीत के बाद भी सुप्रिया सुले के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
प्रफुल्ल पटेल से मुलाकात की भी थी चर्चा
शरद पवार के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने उनसे मुलाकात की थी। उस समय खबरें आई थीं कि पवार ने पटेल से 10 नवंबर के बाद बैठक करने की बात कही है। हालांकि, ऐसी कोई बैठक हुई है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पटेल ने भी हाल ही में शरद पवार से जल्द मुलाकात करने की बात कही थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved