
हैदराबाद । कांग्रेस सासद राहुल गांधी (Congress MP Rahul Gandhi) ने ‘तेलंगाना गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम’ (‘Telangana Gig Workers Social Security and Welfare Scheme’) की शुरुआत की (Launched) ।
गिग वर्कर्स को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “कुछ समय पहले तेलंगाना गिग वर्कर्स के साथ बैठक हुई थी। उस दौरान गिग वर्कर्स ने अपनी दिक्कतें बताई थीं। उस समय मांगों को पूरा करने का वादा किया गया था। इस वादे को आज हम पूरा कर रहे हैं। 21वीं सदी डाटा की है, पूरी दुनिया में डाटा की बात होती है। बड़ी-बड़ी कंपनियां डाटा के बल पर चल रही हैं लेकिन भारत में गिग वर्कर्स का डाटा, गिग वर्कर्स को ही नहीं मिलता था। अब ‘तेलंगाना गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम’ से आपको अपने डाटा पर अधिकार मिलेगा। आप अपने काम का पूरा डाटा देख पाएंगे।”
राहुल गांधी ने कहा कि तेलंगाना के शहरों में भीषण गर्मी में गिग वर्कर्स दिनभर स्कूटर पर चलते हैं और डिलीवरी करते हैं, लेकिन उनके आराम करने के लिए कहीं कोई जगह नहीं है। इसलिए, तेलंगाना सरकार ऐसे ‘रेस्ट जोन’ (आराम करने की जगह) बनाने जा रही है, जहां वाई-फाई की सुविधा होगी। हैदराबाद और राज्य के अन्य सभी शहरों में गिग वर्कर्स वाहन पार्क कर सकते हैं, आराम कर सकते हैं, बैठ और सो सकते हैं। उन्होंने कहा, “तेलंगाना सरकार 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने की गारंटी दे रही है। सबसे अहम बात यह है कि हर डिलीवरी के लिए होने वाले हर ट्रांजैक्शन का 1 फीसदी हिस्सा सीधे आपके बैंक अकाउंट में आएगा। तेलंगाना के हर शहर में कंपनियों को आपको यह रकम देनी होगी। यह पैसा पहले ‘गिग वर्कर्स बोर्ड’ के पास जाएगा और फिर वहां से सीधे गिग वर्कर्स के बैंक अकाउंट में पहुंच जाएगा।”
राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर गिग वर्कर्स के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “21 सदी में दो सोच हैं। भाजपा-आरएसएस और कांग्रेस की सोच। भाजपा-आरएसएस के लोग गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर मानते हैं। वे आपसे 24 घंटे काम करवाते हैं। आप हर तरह का जोखिम उठाते हैं लेकिन उसके बाद भी पूरा फायदा उद्योगपतियों को मिलता है जबकि कांग्रेस पार्टी गिग वर्कर्स को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानती है। आपके साथ मिलकर काम करना चाहती है और रक्षा करना चाहती है। यानी कांग्रेस पार्टी आपको इंश्योरेंस दे रही है। आपकी पार्टनर बनने की कोशिश कर रही है। वहीं, केंद्र सरकार और आरएसएस आपको बंधुआ मजदूर बनाने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, “गिग वर्कर साथियों, आप घबराइये मत। तेलंगाना की कांग्रेस सरकार आपके साथ खड़ी है। हम आपको पार्टनर बनाएंगे। हम आपके परिवारों की शिक्षा और स्वास्थ्य की पूरी जिम्मेदारी लेंगे और आपकी मदद करेंगे।”

इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के साथ शनिवार को हैदराबाद में गिग वर्कर्स की बाइक रैली में शामिल हुए। राहुल गांधी हैदराबाद के आईटी हब माधापुर में स्थित शिल्पा रामम सरकारी ऑडिटोरियम से जयाभेरी ग्राउंड तक निकाली गई रैली में एक गिग वर्कर की होंडा स्कूटर पर पीछे बैठकर शामिल हुए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved