img-fluid

क्‍या डोनबास छोड़ने पर यूक्रेन को NATO की सदस्यता? जेलेंस्की ने अमेरिकी प्रस्ताव का किया खुलासा

November 15, 2026

नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) को समाप्त करने के लिए जारी कूटनीतिक प्रयासों के बीच यूक्रेन (Ukraine) के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की (President Volodymyr Zelenskyy) ने अमेरिका (America) के एक प्रस्ताव को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने यूक्रेन के सामने डोनबास क्षेत्र से सेना हटाने के बदले NATO की सदस्यता देने की संभावना पर सवाल उठाया है। जेलेंस्की के अनुसार, बातचीत के दौरान पहली बार इस तरह का प्रस्ताव सामने आया है।

शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में जेलेंस्की ने यह जानकारी दी। उनके कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, उन्होंने कहा, “अमेरिकियों ने सवाल उठाया कि यदि यूक्रेन NATO में शामिल होता है, तो क्या वह डोनबास से पीछे हट जाएगा? पहली बार ऐसा सवाल पूछा गया है।”

हालांकि, जेलेंस्की ने साफ कर दिया कि यूक्रेन अपने क्षेत्र से पीछे हटने या अपनी जमीन छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने बताया कि उनका देश सहयोगी देशों के साथ सुरक्षा से जुड़े एक व्यापक समझौते पर बातचीत कर रहा है। इस समझौते को शांति वार्ता के दौरान सामने रखा जा सकता है।

सुरक्षा गारंटी के साथ मजबूत सेना चाहता है यूक्रेन
जेलेंस्की के मुताबिक, यूक्रेन के प्रस्तावित सुरक्षा पैकेज में NATO और यूरोपीय संघ की ओर से ठोस सुरक्षा गारंटी शामिल होनी चाहिए। इसके साथ ही यूक्रेन अपनी सुरक्षा के लिए मजबूत सैन्य क्षमता, पर्याप्त सैनिकों और आधुनिक हथियारों की व्यवस्था चाहता है।


  • इस पैकेज में एक निश्चित अवधि तक आर्थिक सहायता देने और युद्ध के बाद देश के पुनर्निर्माण की योजना भी शामिल है। जेलेंस्की ने जोर दिया कि पुनर्निर्माण के लिए मिलने वाली आर्थिक मदद के स्रोत भी स्पष्ट होने चाहिए, ताकि युद्ध के बाद यूक्रेन को दोबारा खड़ा करने की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से आगे बढ़ सके।

    अबू धाबी वार्ता में नहीं निकला समाधान
    रूस, अमेरिका और यूक्रेन के बीच तीनों देशों की त्रिपक्षीय बातचीत बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में समाप्त हुई थी। हालांकि, इस बैठक में युद्धविराम, क्षेत्रीय विवादों और भविष्य की सुरक्षा गारंटी जैसे अहम मुद्दों पर कोई सहमति नहीं बन सकी।

    इसके बाद गुरुवार को अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि रूस और यूक्रेन अगले दौर की बातचीत में यूरोपीय देशों को भी शामिल करने पर सहमत हुए हैं। इससे क्षेत्रीय विवादों के अलावा युद्ध के बाद यूरोप की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा का रास्ता खुल सकता है।

    क्यों अहम है डोनबास का मुद्दा?
    डोनबास क्षेत्र लंबे समय से रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष का प्रमुख केंद्र रहा है। इस इलाके को लेकर दोनों देशों के दावे और विवाद शांति वार्ता की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल हैं। ऐसे में डोनबास से यूक्रेनी सेना की वापसी और NATO सदस्यता को लेकर सामने आया सवाल आगामी बातचीत की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved