मक्का। सऊदी अरब (Saudi Arabia) के पवित्र शहर मक्का (The city of Mecca) में मूसलाधार बारिश (Rain) के बाद अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। 14 नवंबर को हुई तेज बारिश के चलते शहर की कई सड़कें पानी में डूब गईं और जगह-जगह तेज बहाव देखने को मिला। मक्का के अल जुरानाह इलाके में बारिश का सबसे ज्यादा असर दिखाई दिया, जहां सड़कों पर मटमैला पानी तेजी से बहता नजर आया। इमारतों और दुकानों के आसपास पानी के तेज बहाव के कई वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।
नागरिकों और उमराह यात्रियों के लिए रेड अलर्ट
खराब मौसम को देखते हुए सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने मक्का और अल जुमूम समेत कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया था। इसके साथ ही अचानक बाढ़, ओलावृष्टि और 60 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई थी।
प्रशासन ने लोगों को निचले इलाकों, घाटियों और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहने की सलाह दी है। स्थानीय नागरिकों के साथ उमराह के लिए पहुंचे यात्रियों को भी मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और प्रशासन की चेतावनियों पर नजर रखने को कहा गया है।
अक्टूबर में भी आई थी अचानक बाढ़
मक्का में अक्टूबर 2026 में भी फ्लैश फ्लड की घटना हुई थी। उस दौरान तीन बच्चे पानी के तेज बहाव में बह गए थे। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य बच्चा लापता हो गया था।
पहाड़ियों से घिरे होने के कारण मक्का के कई निचले इलाकों में बारिश का पानी तेजी से जमा होता है। इससे अचानक बाढ़ आने का खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले सप्ताह में भी सऊदी अरब के कुछ क्षेत्रों में बारिश जारी रहने की संभावना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved