img-fluid

झारखंड के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई और बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने

November 15, 2026


नई दिल्ली । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (President Droupadi Murmu) ने झारखंड के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई (Extended Greetings to the people of state on Jharkhand’s Foundation Day) और बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी (Paid Tribute to Birsa Munda) ।


  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी और झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई दी । उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां के निवासी राज्य को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। झारखंड स्थापना दिवस हर साल 15 नवंबर को मनाया जाता है। यह उस दिन की याद दिलाता है जब ‘बिहार पुनर्गठन अधिनियम, 2000’ के तहत, दक्षिणी बिहार के हिस्से को अलग करके भारत का 28वाँ राज्य बनाया गया था। इसी दिन आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती भी होती है, जिसे ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। राष्ट्रपति ने एक्स पोस्ट में कहा, “मैं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के पावन अवसर पर मनाए जा रहे ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूँ। यह दिवस हमारी समृद्ध जनजातीय विरासत और राष्ट्र के प्रति जनजातीय समुदायों के ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करने का अवसर है। मैं कामना करती हूं कि सभी देशवासी हमारी अमूल्य विरासत को संरक्षित रखते हुए समावेशी विकास के मार्ग पर आगे बढ़ें।”

    राष्ट्रपति मुर्मु ने स्थापना दिवस पर झारखंड के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं । उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, “झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जैसी ईश्वरीय विभूति और सिद्धो-कान्हू जैसे महानायकों की यह धरती अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, जीवंत लोक-परंपराओं और प्राकृतिक एवं खनिज संपदा के लिए विशिष्ट पहचान रखती है। मेरी कामना है कि झारखंड के परिश्रमी और प्रतिभाशाली निवासी अपनी समृद्ध विरासत को संजोते हुए राज्य को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।”

    वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पोस्ट में कहा, “जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के ओजस्वी प्रतीक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती पर कोटिशः नमन एवं समस्त देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। अल्पायु में ही उन्होंने अपने अदम्य साहस, दूरदर्शी चिंतन और विलक्षण नेतृत्व क्षमता से जनजातीय समाज में नवजागरण की अलख जगाई। उनके नेतृत्व में हुआ ‘उलगुलान’ अंग्रेजी हुकूमत की शोषणकारी व्यवस्था, अन्याय और दमन के विरुद्ध एक सशक्त जनांदोलन बनकर उभरा। यह संघर्ष केवल राजनीतिक प्रतिरोध नहीं था, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समुदायों के अधिकारों, सांस्कृतिक अस्मिता और सामाजिक न्याय की रक्षा का व्यापक संकल्प था। उन्होंने समाज को अपनी परंपराओं, विरासत और स्वाभिमान के प्रति जागरूक करते हुए एकता, संगठन और आत्मनिर्भरता का मार्ग दिखाया।”

    झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ओम बिड़ला ने एक्स पर पोस्ट किया, “प्राकृतिक वैभव, विपुल खनिज संपदा, समृद्ध वनांचल और विशिष्ट जनजातीय सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण झारखंड राज्य के स्थापना दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान बिरसा मुंडा सहित अनेक जननायकों के संघर्ष, त्याग और अदम्य संकल्प से सिंचित यह धरती अपने आदिवासी गौरव, श्रमशील समाज, लोककलाओं, भाषायी विविधता और जीवंत परंपराओं के लिए विशिष्ट पहचान रखती है। झारखंड की वास्तविक समृद्धि इसकी प्राकृतिक संपदा के साथ-साथ यहाँ की सांस्कृतिक चेतना, सामुदायिक एकजुटता और परिश्रमी जनमानस में भी निहित है।” उन्होंने कहा, “कामना है कि झारखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत संरचना और जनकल्याण के क्षेत्रों में प्रगति के नए सोपान स्थापित करे। विकास की इस यात्रा में प्रत्येक वर्ग की समान भागीदारी सुनिश्चित हो तथा प्रदेश के नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली का विस्तार हो। झारखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक अस्मिता और गौरवशाली विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए उज्ज्वल भविष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहे।”

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved