
तेहरान। ईरान (Iran) में गहराते आर्थिक संकट (Deepening Economic Crisis) ने आम लोगों को ऐसी भयावह मजबूरी के मुहाने पर ला खड़ा किया है, जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। बढ़ते कर्ज से पीछा छुड़ाने और घर का मामूली खर्च तक चलाने के लिए ईरान के लोग अब टेलीग्राम जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म (Online Platform) पर अपने शरीर के अंग बेचने के विज्ञापन दे रहे हैं। इनमें किडनी, बोन मैरो और लिवर के साथ-साथ टेस्टिकल्स और आंखों की कॉर्निया तक शामिल हैं।
‘ईरान इंटरनेशनल’ की एक ताजा जांच में इस तेजी से फैलते ऑनलाइन बाजार का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, आर्थिक तंगी से जूझ रहे कई लोग अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करने के लिए अपने सबसे जरूरी अंग तक कुर्बान करने को तैयार हैं।
यह संकट ऐसे वक्त में और गहरा गया है जब मिडिल ईस्ट में जारी तनाव, अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी और कड़े प्रतिबंधों ने ईरान की अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी है। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी चेतावनी दी है कि ईरान पर यह आर्थिक दबाव अनिश्चितकाल तक जारी रह सकता है और आने वाले महीनों में वहां के हालात और बिगड़ेंगे।
एक ही विज्ञापन में कई अंग बेचने की पेशकश
जांच के दौरान मई के अंत से अक्टूबर के अंत के बीच एक टेलीग्राम चैनल पर डाले गए 600 से ज्यादा विज्ञापनों की पड़ताल की गई। इसमें सामने आया कि हर तीन में से करीब एक विज्ञापन में एक से ज्यादा अंग या टिश्यू बेचने की पेशकश की गई थी।
किडनी की सबसे ज्यादा पेशकश: कुल 498 विज्ञापनों में किडनी बेचने की बात कही गई।
बोन मैरो और लिवर: 279 लोगों ने बोन मैरो, जबकि 51 विज्ञापनों में लिवर बेचने का प्रस्ताव दिया गया।
टेस्टिकल्स और कॉर्निया: 15 विज्ञापनों में अंडकोष (टेस्टिकल्स) और दो में कॉर्निया बेचने की पेशकश की गई। 142 लोगों ने किडनी और बोन मैरो दोनों एक साथ बेचने का विज्ञापन दिया, जबकि 26 लोगों ने किडनी, बोन मैरो और लिवर तीनों एक साथ बेचने की पेशकश की।
हैरानी की बात यह है कि कई लोगों को इस बात की मेडिकल जानकारी तक नहीं है कि वे जो अंग बेचने की बात कर रहे हैं, ईरान में उनका ट्रांसप्लांट संभव भी है या नहीं। अपने कई अंग बेचने का विज्ञापन देने वाले एक शख्स ने कहा, “इन अंगों के बिना भी मैं जिंदा रह सकता हूं।”
‘बेटी के भविष्य के लिए जान भी दांव पर’
अंग बेचने को मजबूर लोगों की कहानियां बेहद दर्दनाक हैं। एक पिता ने बताया कि वह अपनी छोटी बेटी का भविष्य संवारने के लिए अपना कोई भी जरूरी अंग देने को तैयार है। वहीं, कपड़ों का कारोबार करने वाले एक पूर्व व्यापारी ने बताया कि दिवालिया होने के बाद उन पर कर्ज का पहाड़ चढ़ गया है और चेक बाउंस होने के मामले दर्ज हो गए हैं। उन्हें उम्मीद है कि शरीर का कोई हिस्सा बेचकर वे कम से कम कुछ कर्ज तो चुका पाएंगे।
दो बेटियों की अकेले परवरिश कर रही एक मां ने बताया कि घर के रोजमर्रा के खर्च पूरे करने के लिए वह खरीदार की तलाश कर रही है। कई लोग ऐसे भी हैं जो सालों से किराए के मकान का बोझ उठाते-उठाते थक चुके हैं और बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए यह कदम उठा रहे हैं।
तेल की कमाई शून्य होने का खतरा और सैन्य तनाव
वॉशिंगटन अब महीनों की लड़ाई के बाद तेहरान पर लंबे समय तक चलने वाले आर्थिक दबाव की रणनीति पर काम कर रहा है। पेरिस में G7 देशों के समकक्षों से बातचीत में अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने संकेत दिया कि समुद्री नाकेबंदी, कड़े प्रतिबंध और जमीनी व्यापार पर रोक बिना किसी तय समयसीमा के जारी रह सकते हैं।
तेहरान स्थित अर्थशास्त्री आइजैक सईदियन ने आगाह किया है कि अगर इस आर्थिक घेराबंदी से ईरान की तेल से होने वाली कमाई शून्य के करीब पहुंच गई, तो सरकार अपने हालिया इतिहास के सबसे कठिन दौर में फंस जाएगी। तब चुनौती सिर्फ विदेशी मुद्रा की कमी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सरकारी कर्मचारियों को वेतन और पेंशन देना, जरूरी सामान की सप्लाई बनाए रखना और महंगाई को काबू करना भी मुश्किल हो जाएगा। हालांकि, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की सरकार ने आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराने की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा है कि वे लंबे प्रतिबंधों का सामना करने के लिए तैयार हैं।
इस बीच, क्षेत्र में सैन्य तनाव भी कम नहीं हुआ है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने बहरीन में अमेरिकी एयर डिफेंस रडार ठिकाने पर ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली है, जबकि ईरानी बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास समुद्री बारूदी सुरंगों (नेवल माइंस) से टकराकर तेल टैंकरों में आग लगने की भी सूचना दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved