img-fluid

छठ महापर्व 2026….देशभर में घाटों पर उमड़े श्रद्धालु… उगते सूरज को दिया अर्घ्य

November 16, 2026

नई दिल्ली। चार दिनों तक चले लोकआस्था (Public Faith) के महापर्व छठ (Chhath Festival) का सोमवार सुबह समापन हो गया. अंधेरा छंटने के साथ ही देशभर के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी. कहीं गंगा किनारे व्रती हाथ जोड़कर सूर्योदय (Sunrise) का इंतजार कर रहे थे तो कहीं तालाबों और अस्थायी घाटों पर छठी मैया के गीत गूंज रहे थे. जैसे ही सूरज की पहली किरण दिखाई दी वैसे ही व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य (Offering Lord Sun) दिया. पूजा की थाली में फल और पारंपरिक प्रसाद के साथ ठेकुआ भी सजाया गया. उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व संपन्न हो गया. इसके बाद व्रतियों ने करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास तोड़ा और पारण किया. घाटों पर सुबह से ही भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

दिल्ली से बिहार और उत्तर प्रदेश से झारखंड तक छठ पूजा की रौनक दिखाई दी. व्रती महिलाएं और पुरुष सुबह होने से पहले ही पूजा की सामग्री लेकर घाटों पर पहुंच गए थे. दउरे में फल और ठेकुआ के साथ दूसरे पारंपरिक पकवान रखे गए थे. परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल हुए. लोगों ने छठी मैया और सूर्य देव से परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की. कई जगह घाटों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था. कहीं रोशनी और सजावट ने लोगों का ध्यान खींचा तो कहीं पारंपरिक लोकगीतों के बीच पूजा संपन्न हुई. निर्जला व्रत पूरा होने के बाद घरों में प्रसाद बांटा गया और लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।


  • दिल्ली-NCR के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
    राजधानी दिल्ली में यमुना किनारे बने घाटों और अलग-अलग इलाकों के पूजा स्थलों पर सुबह से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था. कालिंदी कुंज घाट पर बड़ी संख्या में व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. ग्रेटर कैलाश के कालकाजी DDA फ्लैट्स पार्क में भी छठ पूजा के समापन पर विशेष आयोजन हुआ. गाजियाबाद में घाटों की सजावट और लेजर लाइट आकर्षण का केंद्र रही. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो ने सोमवार को सुबह 4:30 बजे से सेवाएं शुरू कर दी थीं. आम दिनों में मेट्रो का संचालन सुबह 6 बजे शुरू होता है. शुरुआती समय में सभी लाइनों पर 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें चलीं।

    बिहार में गंगा घाटों से सूर्यकुंड तक दिखी आस्था
    छठ के लिए खास पहचान रखने वाले बिहार में सुबह से ही घाटों पर रौनक रही. पटना में गंगा के किनारे बड़ी संख्या में व्रतियों ने पूजा की. गया के प्राचीन सूर्यकुंड में भी श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी. मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर के अलावा मधेपुरा और रोहतास समेत कई जिलों में छठ पूजा संपन्न हुई. समस्तीपुर में क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की मां ने भी उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. यहां मिथिला पेंटिंग से सजे एक घाट ने लोगों का ध्यान खींचा. मुजफ्फरपुर की केंद्रीय जेल में भी 98 कैदियों ने सूर्य को अर्घ्य देकर छठ की परंपरा निभाई।

    वाराणसी से अयोध्या तक घाटों पर छाई रौनक
    उत्तर प्रदेश में भी छठ पूजा को लेकर खास उत्साह रहा. वाराणसी के गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. अयोध्या में सरयू नदी के किनारे व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. सहारनपुर में भी महिलाओं ने पूजा-अर्चना की. उत्तराखंड के हरिद्वार में बिहार और पूर्वांचल से आए लोगों ने श्रद्धा के साथ पर्व मनाया. जोशीमठ में ठंड और बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ. गांधी मैदान में लोगों ने पारंपरिक तरीके से पूजा की. राजस्थान के उदयपुर और पाली के अलावा महाराष्ट्र के जालना में भी छठ पूजा के समापन पर श्रद्धालुओं ने सूर्य देव को अर्घ्य दिया।

    नहाय-खाय से शुरू हुआ था चार दिवसीय महापर्व
    छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी. दूसरे दिन 14 नवंबर को व्रतियों ने खरना किया. इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हुआ. रविवार शाम को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया था. सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ ही व्रत पूरा हुआ. इसके बाद व्रतियों ने पारण कर प्रसाद ग्रहण किया।

    छठ में सूर्य देव और छठी मैया की पूजा का विशेष महत्व है. व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए परिवार की खुशहाली और संतान के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं. यह पर्व प्रकृति के प्रति आभार जताने और स्वच्छता व अनुशासन की परंपरा से भी जुड़ा है. ठेकुआ समेत पारंपरिक प्रसाद इस पर्व की खास पहचान हैं।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved