
शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ब्यौहारी प्रवास के दौरान नगर में भव्य रोड शो का आयोजन किया गया। जनपद पंचायत ब्यौहारी कार्यालय से स्टेडियम तक निकले इस रोड शो में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे मार्ग में जगह-जगह स्वागत मंच सजाए गए थे, जहां से नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनंदन किया। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से पूरा मार्ग उत्सवी माहौल में नजर आया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जनपद पंचायत कार्यालय से लेकर कार्यक्रम स्थल तक विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
जनजातीय कला दलों ने अपनी पारंपरिक लोककलाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वागत किया। वहीं आजीविका मिशन की दीदियों, लाड़ली बहनों, नगर के विभिन्न विद्यालयों, पीएमश्री स्कूल तथा जनजातीय कार्य विभाग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। रोड शो के दौरान व्यापारी संघों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने भी जगह-जगह स्वागत मंचों से मुख्यमंत्री पर पुष्पवर्षा की। पूरे मार्ग में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और नागरिकों ने उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने उपस्थित नागरिकों पर पुष्पवर्षा कर उनके स्नेह और स्वागत के प्रति आभार व्यक्त किया। जनपद पंचायत ब्यौहारी कार्यालय से स्टेडियम तक निकला रोड शो व्यापक जनभागीदारी और नगरवासियों के उत्साह का साक्षी बना। इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा तथा ब्यौहारी विधायक शरद कोल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved