
मुंबई। महाराष्ट्र में सियासी बयानबाजी जोरों पर है। शिवसेना यूबीटी नेता उद्धव ठाकरे के आरोपों पर भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने तंज कसा। बावनकुले ने कहा, अमित शाह जब भी महाराष्ट्र आते हैं, तो उद्धव ठाकरे को बुखार आ जाता है। उनकी रात की नींद उड़ जाती है और उनकी साइकोलॉजी बदल जाती है। वे बौखला जाते हैं। इसलिए इस तरह के अनाप-शनाप आरोप बीजेपी और अमित शाह पर लगाते हैं। यह उनकी आदत है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पुणे में एक कार्यक्रम के दौरान उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा था कि कोविड-19 महामारी के दौरान अजित पवार उनके संपर्क में थे, लेकिन उस समय के मुख्यमंत्री (उ उद्धव ठाकरे) फोन भी नहीं उठाते थे। इसके जवाब में उद्धव ठाकरे ने अमित शाह पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और उन्हें चुनौती देते हुए मणिपुर तथा अरुणाचल प्रदेश का दौरा करने की सलाह दी।
रोहित पवार के आरोपों पर बावनकुले ने कहा, रोहित पवार शरद पवार की और उद्धव ठाकरे, बालासाहेब ठाकरे की राजनीतिक और सांस्कृतिक विरासत को भूल गए हैं। महाराष्ट्र का यह कल्चर नहीं रहा है कि इतने निचले स्तर पर जाकर इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगाए जाएं। शरद पवार ने भी कभी इस तरह के आरोप नहीं लगाए। रोहित पवार सस्ती पब्लिसिटी के लिए इस तरह के आरोप कर रहे हैं। शरद पवार की पार्टी को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए और अपनी भूमिका साफ करनी चाहिए। लेकिन रोहित पवार और उद्धव ठाकरे इस तरह की ओछी राजनीति कर रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved