
मुंबई: देश भर में लिफ्ट चलते चलते खराब होने, बीच में फंसने आदि की घटनाएं खूब हो रही है. अक्सर इन घटनाओं में बच्चे और बुजुर्ग भी फंस जाते हैं. इन परिस्थितियों को देखते हुए महाराष्ट्र की सरकार ने एक नई व्यवस्था लागू की है. इस व्यवस्था के तहत चाहें सोसायटी की लिफ्ट हो या किसी मॉल या अन्य संस्थान की, कहीं भी 12 साल या इससे कम उम्र के बच्चों को अकेले लिफ्ट में जाने नहीं दिया जाएगा. इसी के साथ सरकार ने बिल्डर या संबंधित लिफ्ट संचालक के लिए भी कठोर नियम बनाए हैं.
महाराष्ट्र सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक इस नियम को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि लिफ्ट, एस्कलेटर या मूविंग वॉकवे पर किसी हाल में 12 साल या इससे कम उम्र के बच्चों को अकेले नहीं जाने दिया जाएगा. हालांकि परिजनों के साथ होने पर बच्चों को इन सुविधाओं के इस्तेमाल की छूट दी जा सकती है.
महाराष्ट्र सरकार ने अपनी अधिसूचना में ही स्पष्ट कर दिया है कि नए नियम सुरक्षा कारणों की वजह से लाए गए है. ये नियम सभी हाउसिंग सोसायटियों, बिल्डिंग मालिकों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं. इस नियम के तहत राज्य में लगी सभी लिफ्ट की हर साल ऑडिट होगी. हर महीने सर्विसिंग कम मेंटिनेस कराया जाएगा. वहीं किसी भी लिफ्ट में कोई हादसा होता है तो तत्काल इसकी सूचना लोकल पुलिस को देना होगा.
सभी तरह की लिफ्ट में सीसीटीवी कैमरा सरकार ने अनिवार्य कर दिया है. नई लिफ्ट के चालू होने से पहले ही ये कैमरे लगेंगे, वहीं जो लिफ्ट पहले से संचालित हैं, उनमें कैमरे लगाने के लिए 28 अक्टूबर तक का समय दिया गया था. इसी के साथ सभी लिफ्ट में एक ऑपरेटर रखने की बात भी कही गई है. सरकार ने साफ किया है कि सरकार अपने स्तर पर सभी लिफ्ट की जांच भी कराएगी. इस दौरान कहीं भी नियमों का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved