
मंडला। महाराजपुर स्थित नर्मदा संगम के संतोषी माता घाट की तस्वीर अब बदलने लगी है। वर्षों से मिट्टी और गाद जमा होने के कारण बदहाल पड़े घाट की सफाई कुलस्ते वेलफेयर फाउंडेशन एवं नर्मदा सेवा समिति के संयुक्त प्रयासों से की गई। इस पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है और अब मां नर्मदा का जल घाट की सीढिय़ों तक पहुंचने लगा है। इससे श्रद्धालुओं को स्नान, पूजन और धार्मिक अनुष्ठान करने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
दरअसल, घाट पर लंबे समय से मिट्टी और गाद जमा होने के कारण श्रद्धालुओं को स्नान एवं पूजा-अर्चना के लिए करीब 50 से 60 मीटर दूर तक जाना पड़ता था। इस समस्या को लेकर स्थानीय नागरिक लंबे समय से घाट की सफाई की मांग कर रहे थे। श्रद्धालुओं की परेशानी को देखते हुए कुलस्ते वेलफेयर फाउंडेशन ने नर्मदा क्लीनिंग ड्राइव की पहल की। इसमें नर्मदा सेवा समिति के कार्यकर्ताओं, स्थानीय युवाओं, नर्मदा भक्तों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आगे आकर श्रमदान किया।
इस अभियान में वेदप्रकाश गोल्डी कुलस्ते के साथ सामाजिक कार्यकर्ता पंकज चौधरी ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए घाट की सफाई और श्रमदान अभियान में सहयोग किया। सामूहिक प्रयासों से वर्षों से मिट्टी में दबा घाट अब अपने पुराने स्वरूप में लौटता नजर आ रहा है।
इस अवसर पर वेदप्रकाश गोल्डी कुलस्ते ने कहा कि मां नर्मदा की सेवा हम सभी का सामूहिक धर्म है। सामाजिक सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ऐसी समस्याओं का समाधान संभव है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता पंकज चौधरी ने भी घाटों की स्वच्छता और संरक्षण को जनभागीदारी से जोडऩे की आवश्यकता पर जोर दिया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि घाट की सफाई की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब सफाई होने से श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। विशेष रूप से आगामी मकर संक्रांति पर्व पर संगम घाट में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए इस कार्य का महत्व और बढ़ गया है। घाट का साफ-सुथरा स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक साबित होगा। इस पुनीत कार्य के लिए नर्मदा भक्तों एवं नागरिकों ने कुलस्ते वेलफेयर फाउंडेशन, मां नर्मदा सार्वजनिक सेवा समिति, सामाजिक कार्यकर्ता पंकज चौधरी तथा सहयोगी युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी मां नर्मदा के घाटों की स्वच्छता और संरक्षण के लिए ऐसे अभियान जारी रखने की अपील की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved