कोलकाता। भारत में सुपर अलनीनो (El Niño) की आशंका ने जलवायु विशेषज्ञों (climate experts) की चिंता बढ़ा दी है। साल के अंतिम महीनों में विकसित हो रही अलनीनो की स्थिति वर्ष 2027 तक पश्चिम बंगाल समेत पूर्वी भारत के लिए गंभीर जलवायु चुनौतियां (Climate Challenges) पैदा कर सकती है। इसके प्रभाव से भीषण गर्मी, मानसूनी बारिश में अनियमितता, कम वर्षा और जल संकट जैसी स्थितियां उत्पन्न होने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा समुद्री हीटवेव और हिमालयी ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने का खतरा भी बढ़ सकता है। इसका असर खेती, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य, ऊर्जा और खाद्य आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ने की आशंका है।
इन चुनौतियों से निपटने और वैज्ञानिक चेतावनियों को सरकारी नीतियों तथा स्थानीय स्तर की तैयारियों में बदलने के उद्देश्य से क्लाइमेट ट्रेंड्स, जादवपुर विश्वविद्यालय और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से कोलकाता में एक दिवसीय क्षेत्रीय सेमिनार आयोजित किया गया।
सेमिनार में विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) की महासचिव प्रोफेसर सेलेस्टे साउलो का संदेश भी साझा किया गया। उन्होंने कहा कि सुपर अलनीनो की स्थिति फरवरी 2027 तक बने रहने की संभावना है। उपलब्ध आकलनों के अनुसार, अलनीनो के प्रभाव से देश में मानसूनी बारिश सामान्य से 12.6 प्रतिशत कम रहने और कृषि उत्पादन प्रभावित होने की चिंता जताई गई है। धान की बुवाई का क्षेत्र करीब 17 लाख हेक्टेयर घटने तथा उत्पादन में लगभग 70 लाख टन की कमी आने का अनुमान है। भारत में सामान्यतः करीब 15 करोड़ टन चावल का उत्पादन होता है, जबकि घरेलू खपत लगभग 10 करोड़ टन बताई जाती है।
डब्ल्यूएमओ महासचिव प्रोफेसर साउलो के अनुसार, अलनीनो का प्रभाव कृषि, व्यापार, मत्स्य पालन, स्वास्थ्य, ऊर्जा, परिवहन, जल संसाधन और आपदा प्रबंधन सहित कई क्षेत्रों पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि कम बारिश की आशंका को देखते हुए किसानों को ऐसी फसलों और बीजों का चयन करना चाहिए, जो कम पानी में भी बेहतर उत्पादन दे सकें। वहीं, जलविद्युत पर निर्भर क्षेत्रों में जलाशयों का प्रबंधन पहले से करना आवश्यक है।
विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते तैयारी नहीं की गई तो कम बारिश के कारण सिंचाई, पेयजल और बिजली उत्पादन पर दबाव बढ़ सकता है। खाद्य आपूर्ति और कृषि आधारित कारोबार भी प्रभावित हो सकते हैं।
जलवायु परिवर्तन को लेकर विशेषज्ञों ने जताई चिंता
जलवायु विशेषज्ञ डॉ. जयंत बसु ने जलवायु संकट के बढ़ते प्रभावों और भारत की संवेदनशीलता पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की जलवायु वार्ताओं और हालिया वैज्ञानिक आकलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि वैश्विक तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने का लक्ष्य गंभीर चुनौती का सामना कर रहा है।
उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले दशकों में दुनिया को डेढ़ डिग्री से अधिक तापमान वृद्धि वाली परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। डॉ. बसु ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को लेकर भारत की चिंताओं और जलवायु न्याय (क्लाइमेट इक्विटी) के मुद्दे को नीतिगत चर्चाओं में प्रमुखता मिलनी चाहिए।
क्या है अलनीनो और कैसे बदलता है मौसम?
अलनीनो प्रशांत महासागर के मध्य और पूर्वी हिस्से में समुद्र की सतह के पानी का सामान्य से अधिक गर्म होना है। सामान्य परिस्थितियों में व्यापारिक हवाएं गर्म समुद्री पानी को पश्चिमी प्रशांत यानी एशिया की ओर धकेलती हैं। लेकिन जब ये हवाएं कमजोर पड़ती हैं तो गर्म पानी मध्य और पूर्वी प्रशांत की ओर फैलने लगता है। इससे समुद्र और वायुमंडल के बीच संतुलन प्रभावित होता है और दुनिया के कई हिस्सों में मौसम का सामान्य चक्र बदल जाता है।
भारत में अलनीनो का संबंध अक्सर कमजोर मानसून और कम बारिश से देखा जाता है, हालांकि हर अलनीनो वर्ष में इसका प्रभाव एक जैसा नहीं होता। दुनिया के कुछ क्षेत्रों में सूखे की स्थिति बन सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश और बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, संभावित जलवायु चुनौतियों से निपटने के लिए मौसम संबंधी पूर्वानुमानों के आधार पर कृषि, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्रों में पहले से तैयारी करना जरूरी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved