img-fluid

मां के निधन पर छलका CM योगी का दर्द, नम आंखों से दी अंतिम विदाई; अंतिम संस्कार के बाद PM मोदी के कार्यक्रम में होंगे शामिल

November 21, 2026

देहरादून. उत्तर प्रदेश (UP) के मुख्यमंत्री (CM) योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने शनिवार को उत्तराखंड के पंचूर गांव में अपनी माताजी (mother) सावित्री देवी (Savitri Devi) को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान मुख्यमंत्री काफी भावुक नजर आए और उनकी आंखों में आंसू आ गए, जिसे वह पोछते हुए नजर आए. इसके बाद सीएम योगी ने अपनी मां को कंधा दिया और उनकी अंतिम यात्रा चंडीघाट के लिए रवाना हो गई.

सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 साल की उम्र में निधन हो गया था. उनका अंतिम संस्कार आज हरिद्वार के चंडीघाट पर करीब 11:30 बजे होगा. मां की अंत्येष्टि और अन्य रस्में पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ लौटेंगे.

अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शनिवार को दोपहर 2:15 बजे तक उत्तराखंड में रहेंगे. इसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना होंगे. लखनऊ में शाम 5:30 बजे से 6:45 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होने वाले कौशल दीक्षांत समारोह में वह शामिल होंगे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुक्रवार को गोरखपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान अपनी मां के निधन की खबर मिली थी. वह चंपा देवी पार्क में टैबलेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा लाभार्थियों को टैबलेट दिए जाने थे.

रवि किशन को सबसे पहले इस खबर की जानकारी मिली थी
बीजेपी सांसद रवि किशन को सबसे पहले इस खबर की जानकारी मिली थी. इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार और पूर्व आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी को इसकी जानकारी दी थी. करीब 61 मिनट का अपना संबोधन पूरा करने के बाद योगी आदित्यनाथ मंच के पीछे गए, जहां अवनीश अवस्थी ने उन्हें मां के निधन की जानकारी दी.

खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री के चेहरे के भाव कुछ देर के लिए बदले, लेकिन उन्होंने खुद को संभाले रखा और कार्यक्रम पूरा किया. इसके बाद उन्होंने युवा लाभार्थियों से बातचीत की और उनके साथ सेल्फी भी ली. कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह गोरखनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गए.

शुक्रवार को 91 साल की उम्र में हुआ सावित्री देवी का निधन
सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक घर में निधन हो गया था. वह 91 साल की थीं. गांव के लोगों के मुताबिक, लंबे समय से बीमार चल रहीं सावित्री देवी का निधन शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे हुआ था. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को ही अपने पैतृक गांव पहुंचे और मां को श्रद्धांजलि दी.

गोरखनाथ मंदिर में हुई शोक सभा
गोरखनाथ मंदिर परिवार और महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद से जुड़े सदस्यों ने शुक्रवार को मंदिर में शोक सभा आयोजित की. इस दौरान सावित्री देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए और दो मिनट का मौन रखा गया. परिषद के सदस्य रामजनम सिंह ने संस्थाओं की ओर से शोक व्यक्त किया.

Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved