
जबलपुर। इंदौर में दूषित पेयजल की वजह से हुई मौतों और सैकड़ों लोगों के बीमार पडऩे की घटना से भी जबलपुर के जिम्मेदार अधिकारियों ने सबक नहीं लिया। मेडिकल से तिलवारा तक बन रही 6 लेन सड़क के किनारे नाली निर्माण में ऐसी लापरवाही सामने आई है, जो भविष्य में शहर के हजारों परिवारों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। यहां नाली बनाने से पहले पेयजल पाइपलाइन को शिफ्ट करने के बजाय उसे नाली के भीतर ही दबा दिया गया है। नाली की कंक्रीट की दीवारें खड़ी कर दी गई हैं और पाइपलाइन उसी निर्माण के बीच से गुजर रही है। अब यदि इस पाइपलाइन में कहीं लीकेज हुआ तो नाली का दूषित पानी पेयजल सप्लाई में मिल सकता है।
नाली के भीतर कैद कर दी पेयजल लाइन
मौके की तस्वीरें निर्माण की गंभीर खामी उजागर कर रही हैं। नाली की कंक्रीट की दीवारें तैयार हो चुकी हैं और पीने के पानी की बड़ी पाइपलाइन नाली के बीच से गुजर रही है। पाइपलाइन को सुरक्षित दूरी पर शिफ्ट करने के बजाय निर्माण के दौरान उसे वहीं छोड़ दिया गया। स्थिति यह है कि पाइपलाइन नाली के ढांचे के भीतर कैद हो गई है। ऊपर से स्लैब डालने के बाद इसका निरीक्षण और मरम्मत करना भी मुश्किल हो जाएगा। निर्माण की यह स्थिति देखकर सवाल उठता है कि आखिर तकनीकी स्वीकृति देने वाले इंजीनियरों ने इस व्यवस्था पर आपत्ति क्यों नहीं की?
लीकेज हुआ तो सीधे घरों तक पहुंचेगा दूषित पानी
पेयजल पाइपलाइन में जंग लगने, जोड़ खुलने या किसी अन्य वजह से लीकेज होने पर नाली का गंदा पानी पाइपलाइन के संपर्क में आ सकता है। ऐसी स्थिति में दूषित पानी घरों तक पहुंचने का खतरा रहेगा। लोग इसी पानी का इस्तेमाल पीने और खाना बनाने में करेंगे। इंदौर में भी पेयजल व्यवस्था में दूषित पानी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग बीमार हुए थे। जबलपुर में भी ऐसी स्थिति बनने से पहले निर्माण की तकनीकी जांच और सुधार जरूरी है।
स्थानीय लोगों की शिकायतें भी नजरअंदाज
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि उन्होंने निर्माण के दौरान ही ठेकेदार और इंजीनियरों को पाइपलाइन हटाने की बात कही थी। लोगों ने आशंका जताई थी कि भविष्य में पाइपलाइन में खराबी आई तो नाली के दूषित पानी से पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसके बावजूद उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। लोगों का आरोप है कि उन्हें यह कहकर टाल दिया गया कि ऊपर से निर्देश हैं और निर्माण इसी तरह किया जाना है। अब सवाल यह है कि यदि भविष्य में पेयजल दूषित हुआ तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
सड़क की चमक के पीछे छिपा स्वास्थ्य संकट
नाली और पेयजल पाइपलाइन के बीच पर्याप्त सुरक्षित दूरी और तकनीकी सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। दोनों व्यवस्थाओं को इस तरह बनाया जाना चाहिए कि लीकेज की स्थिति में सीवर या नाली का पानी पेयजल में प्रवेश न कर सके। लेकिन यहां पाइपलाइन को नाली के भीतर ही छोड़ दिया गया है। इससे भविष्य में लीकेज की पहचान और मरम्मत भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। पाइपलाइन तक पहुंचने के लिए नाली का हिस्सा तोडऩे की नौबत आ सकती है।
समय रहते नहीं सुधरी गलती तो भुगतेगी जनता
मेडिकल से तिलवारा तक बन रही 6 लेन सड़क शहर के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है, लेकिन विकास कार्यों में बुनियादी नागरिक सुविधाओं और स्वास्थ्य सुरक्षा की अनदेखी नहीं की जा सकती। संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्माण स्थल का निरीक्षण कराना चाहिए। पेयजल पाइपलाइन की स्थिति, उसकी सुरक्षा और नाली से संभावित संपर्क की तकनीकी जांच होनी चाहिए। जरूरत पडऩे पर पाइपलाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराकर ही निर्माण आगे बढ़ाया जाए। अन्यथा आज बचाई जा रही शिफ्टिंग की लागत कल हजारों लोगों की सेहत और सरकारी खजाने पर भारी पड़ सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved