img-fluid

कोविड में सेवा देने वाले चार हजार स्वास्थ्यकर्मियों के समर्थन में उतरे उमंग सिंघार, सीएम को लिखा पत्र

November 21, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की सेवा करने वाले करीब 4 हजार स्वास्थ्यकर्मियों की नौकरी का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। महामारी के कठिन दौर में दिन-रात अस्पतालों में ड्यूटी करने वाले ये कर्मचारी अब रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस मामले में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर इन कर्मचारियों को दोबारा नौकरी देने और सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में समायोजित करने की मांग की है। सिंघार ने सरकार से सवाल किया है कि जब प्रदेश के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थाओं में डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन समेत हजारों पद खाली हैं, तो कोविड काल में काम कर चुके अनुभवी कर्मचारियों को रोजगार देने में क्या परेशानी है? उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों के अनुभव का इस्तेमाल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में किया जा सकता है।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि कोरोना महामारी के दौरान डॉक्टर, आयुष चिकित्सक, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने करीब दो वर्षों तक पूरी निष्ठा और समर्पण से काम किया। उस समय संक्रमण का खतरा होने के बावजूद इन कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों की देखभाल की और स्वास्थ्य व्यवस्था को संभालने में अहम भूमिका निभाई।इसके बावजूद महामारी का दौर समाप्त होने के बाद इन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। अब करीब 4 हजार स्वास्थ्यकर्मी रोजगार और भविष्य की मांग को लेकर कई दिनों से भोपाल में प्रदर्शन कर रहे हैं।


  • सिंघार ने सरकार का ध्यान प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में खाली पड़े पदों की ओर दिलाया है। उनका कहना है कि एक तरफ सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन सहित विभिन्न संवर्गों के हजारों पद रिक्त हैं, वहीं दूसरी तरफ कोविड के दौरान काम कर चुके प्रशिक्षित और अनुभवी कर्मचारी नौकरी के लिए आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इस विरोधाभास पर ध्यान देना चाहिए। कोविड काल में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों की योग्यता और अनुभव को देखते हुए उनके समायोजन और पुनर्नियोजन के लिए स्पष्ट नीति बनाई जानी चाहिए।

    नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि कोविड महामारी के दौरान सेवाएं देने वाले पात्र स्वास्थ्यकर्मियों को उनके अनुभव और योग्यता के आधार पर दोबारा रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जल्द ठोस निर्णय लिया जाए। इससे लंबे समय से नौकरी की मांग कर रहे कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिल सकेगी। सिंघार ने कहा कि जिस समय प्रदेश को इन स्वास्थ्यकर्मियों की सबसे ज्यादा जरूरत थी, उस समय उन्होंने आगे बढ़कर जनता की सेवा की। ऐसे में उनके भविष्य की जिम्मेदारी से सरकार पीछे नहीं हट सकती। उन्होंने कर्मचारियों के साथ न्याय करते हुए उनके पुनर्नियोजन का रास्ता तत्काल निकालने की मांग की है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved