img-fluid

क्रिकेट के बाद अब सियासी पिच पर युजवेंद्र चहल, BJP के OBC मोर्चा में मिली राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी

November 22, 2026

नई दिल्ली। क्रिकेट (Cricket) के मैदान पर अपनी लेग स्पिन (Leg spin) से पहचान बनाने वाले भारतीय गेंदबाज युजवेंद्र चहल (Indian bowler Yuzvendra Chahal) अब राजनीतिक पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पार्टी ने उन्हें अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी दी है। यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई है।

भाजपा ने OBC मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में संगठनात्मक बदलाव करते हुए कई नए चेहरों को शामिल किया है। चहल के अलावा ओडिशा के प्रोफेसर अद्वैत चरण गडनायक और उत्तर प्रदेश की वकील सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

अमरपाल मौर्य से मुलाकात के बाद मिली जिम्मेदारी
नई जिम्मेदारी मिलने से पहले चहल ने भाजपा के OBC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से मुलाकात की थी। इसके बाद पार्टी की ओर से जारी नियुक्तियों की सूची में उनका नाम शामिल किया गया। इस सूची पर अमरपाल मौर्य के हस्ताक्षर हैं और चहल का नाम दिल्ली के अंतर्गत दर्ज किया गया है।

राष्ट्रीय टीम में कई पदों पर नियुक्तियां
भाजपा ने OBC मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 37 सदस्यों को जगह दी है। इसके अलावा सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री और सात राष्ट्रीय सचिव भी नियुक्त किए गए हैं। पार्टी के अनुसार, सभी नियुक्तियां राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई हैं और तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।


  • राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद शामिल हैं। इनके अलावा महाराष्ट्र के बाबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा और बिहार के अर्जुन सहनी को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मधवराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

    राष्ट्रीय सचिवों में गुजरात के दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु के टी. वरथराजन, झारखंड के संजीव कुमार, हरियाणा की सरिता जांगिड़, तेलंगाना के कडागांची रमेश, मध्य प्रदेश के वैभव पंवार और बिहार के भीम कुमार साहू को शामिल किया गया है।

    अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चहल का रहा है शानदार प्रदर्शन
    युजवेंद्र चहल ने 2016 में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 72 वनडे मैचों में 121 विकेट और 80 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 96 विकेट हासिल किए हैं।

    2017 में इंग्लैंड के खिलाफ बेंगलुरु में खेले गए टी20 मुकाबले में चहल ने 25 रन देकर छह विकेट झटके थे। इसके साथ ही वह पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने थे। 2019 के वनडे विश्व कप में उन्होंने आठ मैचों में 12 विकेट लिए। इसके अलावा वह 2024 में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे।

    IPL में भी बनाए कई रिकॉर्ड
    इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चहल मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स की ओर से खेल चुके हैं। 2023 में उन्होंने ड्वेन ब्रावो को पीछे छोड़ते हुए IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके अगले साल राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वह इस लीग में 200 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने।

    अक्टूबर 2026 में चहल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने 49 मैचों में 148 विकेट हासिल किए। संन्यास के समय उन्होंने उम्मीद जताई थी कि वह अब भी वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

    टी20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय
    राजनीति में नई पारी शुरू करने से पहले चहल ने टी20 क्रिकेट में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह इस प्रारूप में 400 विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने। उन्होंने यह रिकॉर्ड सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में हरियाणा की ओर से खेलते हुए तमिलनाडु के खिलाफ बनाया।

    18 नवंबर को इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर हुए मुकाबले में चहल ने अमित सात्विक को बोल्ड कर अपना 400वां विकेट हासिल किया। इसके बाद उन्होंने आर. साई किशोर और मणिमारन सिद्धार्थ को भी पवेलियन भेजा। मैच में उन्होंने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट लिए। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले उनके नाम टी20 क्रिकेट में 396 विकेट दर्ज थे।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved