img-fluid

मारुति सुजुकी ने फिर बढ़ाई कीमत, चालू वित्त वर्ष में चौथी बार महंगी हुई कंपनी की गाड़ी

November 22, 2026

डेस्क। देश की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने एक बार फिर गाड़ियों के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने लागत के लगातार बने हुए दबाव का हवाला देते हुए रविवार से अपने चुनिंदा वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। ये बढ़ोतरी ऐसे समय में की गई, जब लागत कम करने की कोशिशों के बावजूद ऑटो मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी को ऊंची कीमतों के दबाव का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी ने कहा कि वो बढ़ी हुई लागत का सिर्फ एक हिस्सा ही ग्राहकों पर डालेगी।

मारुति सुजुकी ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया, ”लागत के लगातार बने हुए दबाव को देखते हुए कंपनी ने 22 नवंबर, 2026 से चुनिंदा मॉडल की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है।” बिक्री की मात्रा के आधार पर कीमतों में अनुमानित औसत बढ़ोतरी लगभग 0.31 प्रतिशत हुई है। कंपनी ने कहा कि लागत घटाने की लगातार कोशिशों के बावजूद मौजूदा दबाव के चलते बढ़ी हुई लागत का एक हिस्सा बाजार पर डालना जरूरी हो गया है, हालांकि ग्राहकों पर इसका असर कम से कम रखने की कोशिश की गई है।


  • कीमतों में की गई ये ताजा बढ़ोतरी वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में 3 बार की गई बढ़ोतरी के बाद आई है, जो कुल मिलाकर 1 प्रतिशत से कुछ ज्यादा थी। यानी, चालू वित्त वर्ष में कंपनी ने चौथी बार गाड़ियों के दाम बढ़ाए हैं। बताते चलें कि मारुति सुजुकी ने इस साल सितंबर में गाड़ियों की कीमतों में 20,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी। उससे पहले कंपनी ने जून में भी गाड़ियों के दाम में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी।

    पश्चिम एशिया संकट के चलते कच्चे माल की ऊंची लागत ने कंपनी की कमाई पर दबाव डाला है। कंपनी ने मार्केटिंग के खर्च को सीमित करने समेत कई कदमों से लागत को नियंत्रित भी किया है। दूसरी तिमाही के नतीजों के बाद निवेशकों के साथ बातचीत में मैनेजमेंट ने संकेत दिया था कि दूसरी छमाही में कीमतों को लेकर संतुलित कदम उठाए जाएंगे।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved