
चंडीगढ़ । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Chief Minister Nayab Singh Saini) ने कहा कि ‘नशा मुक्त हरियाणा’ बनाना (Making Haryana ‘Drug-free’) प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य है (Is primary objective of State Government) ।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘हरियाणा उदय’ कार्यक्रम के तहत सिरसा जिले के कालांवाली में आयोजित भव्य ‘नशा मुक्त हरियाणा’ मैराथन के 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की दौड़ के विजेताओं को सम्मानित किया और युवाओं को खेलों व शिक्षा की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य ‘नशा मुक्त हरियाणा’ बनाना है। उन्होंने नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी को भी हमारी युवा पीढ़ी को नशे के दलदल में धकेलने का अधिकार नहीं है। ऐसे असामाजिक तत्व या तो नशे का कारोबार छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें, अन्यथा सरकार उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि सरकार की सख्त नीतियों के तहत अब तक नशा कारोबारियों की लगभग 94 करोड़ रुपए की संपत्ति सीज की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों, सिविल अस्पतालों और नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से लाखों युवाओं को नशे के चंगुल से बाहर निकालकर मुख्यधारा में जोड़ा गया है। उन्होंने माताओं और बहनों की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर अपने परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं। इस दौरान स्थानीय महिलाओं द्वारा मुख्यमंत्री को दही खिलाने पर उन्होंने इसे “दूध-दही का खाना” की गौरवशाली हरियाणवी परंपरा से जोड़ते हुए युवाओं से नशे की जगह पौष्टिक आहार अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को समय दें और यदि कोई बच्चा गलत संगत में पड़ जाए तो उससे दूरी बनाने के बजाय मित्र बनकर उसे नशे की आदत से बाहर निकालें। कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को जीआई टैग मिलने पर किसानों को बधाई दी और बताया कि किन्नू प्रोसेसिंग प्लांट पर भी तेजी से काम चल रहा है। साथ ही, इस बार हुई बंपर फसल और अच्छे भाव मिलने पर किसानों ने भी हरियाणा सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved