img-fluid

यूपी की कमजोर सीटों पर अमित शाह का रहेगा फोकस, सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के 40 पर्यवेक्षक तैनात करने की तैयारी

November 23, 2026

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी समीकरण (Electoral equations) साधने में जुट गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी अगले महीने से उत्तर प्रदेश के संभावित दौरे के साथ चुनावी रणनीति को धार देंगे। उनका विशेष जोर पार्टी की कमजोर सीटों और संगठनात्मक मजबूती पर रहेगा।

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब अमित शाह उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों की कमान संभाल सकते हैं। उनके संभावित दौरे में संगठन की स्थिति की समीक्षा, स्थानीय राजनीतिक समीकरणों का आकलन और चुनावी रोडमैप को अंतिम रूप देने पर जोर रहेगा। संकेत हैं कि भाजपा अपने अभियान की शुरुआत पूर्वांचल से कर सकती है।



  • 403 सीटों के लिए 40 पर्यवेक्षक तैनात करने की तैयारी

    मिशन-2027 के तहत भाजपा ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी निगरानी और जनसंपर्क अभियान तेज करने की योजना बनाई है। इसके लिए 40 वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। प्रत्येक पर्यवेक्षक को दो जिलों के बीच संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी और चुनावी तैयारियों का जायजा लेने का दायित्व दिया जाएगा।

    ये पर्यवेक्षक गांव-गांव चौपाल लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार करेंगे। साथ ही स्थानीय लोगों से संवाद कर सरकार के कामकाज और संगठन की स्थिति का फीडबैक जुटाएंगे। इनकी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी।

    छह क्षेत्रों में संगठन मंत्रियों ने संभाली जिम्मेदारी

    भाजपा ने प्रदेश के छह संगठनात्मक क्षेत्रों में दूसरे राज्यों से आए संगठन मंत्रियों को भी जिम्मेदारी सौंपी है। ये नेता संगठन की गतिविधियों को गति देने के साथ जनसंपर्क अभियान की निगरानी करेंगे। पार्टी की रणनीति विकास, संगठन और राष्ट्रवाद के मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंचने की है। खासतौर पर उन क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा, जहां पार्टी की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर मानी जा रही है।

    पार्टी ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को भी सौंपी है। बरेली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भूपेंद्र सिंह को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि लखनऊ और सुल्तानपुर क्षेत्र में संगठन महामंत्री धर्मपाल दौरा कर रहे हैं।

    इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और स्वतंत्र देव सिंह समेत करीब 40 वरिष्ठ नेताओं को विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारियां दी गई हैं। भाजपा नेतृत्व का जोर चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने, सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और कमजोर क्षेत्रों में जनाधार बढ़ाने पर है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved