
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास (Sourav Das) ने सोमवार को आरोप लगाया कि उन्हें ब्रिटेन (Britain) जाने से रोक दिया गया। उनका कहना है कि ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी (Oxford University) में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें ‘कॉकरोच मूवमेंट’ (Cockroach Movement) पर अपनी बात रखनी थी, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान ही उन्हें रोक दिया गया। सौरव दास ने इस कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार उनसे डर रही है।
सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी फ्लाइट रात एक बजे की थी, लेकिन एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन काउंटर से आगे जाने की अनुमति नहीं मिली। उनके मुताबिक, ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबर्ग जैसे विश्वविद्यालयों से उन्हें कॉकरोच मूवमेंट पर चर्चा के लिए आमंत्रण मिला था।
‘इमिग्रेशन काउंटर पर पता चला कि पासपोर्ट फ्लैग है’
सौरव दास ने X पर लिखा कि वह लंदन जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे, लेकिन इमिग्रेशन जांच के दौरान उन्हें बताया गया कि उनका पासपोर्ट ‘फ्लैग’ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्हें यात्रा करने से रोक दिया गया।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार युवाओं की बौद्धिक चर्चाओं से क्यों डर रही है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ‘काश मैं नीरव मोदी, विजय माल्या होता।’
सौरव दास ने यह भी कहा कि इस घटना से उनके काम पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने भविष्य में लंदन, पेरिस और अन्य स्थानों की यात्रा करने की बात कही। हालांकि, एयरपोर्ट पर रोके जाने के पीछे की आधिकारिक वजह उनकी ओर से साझा नहीं की गई है।
CJP ने भी सरकार पर लगाए आरोप
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सौरव दास का समर्थन किया है। पार्टी ने भी सरकार पर शिक्षित लोगों और उनकी आवाज को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। CJP का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से विचारों और बौद्धिक चर्चा को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
रत्ना सिंह बोलीं- मेरा वीजा भी खारिज हुआ
CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने भी सौरव दास के समर्थन में बयान दिया है। उन्होंने बताया कि ऑक्सफोर्ड यूनियन की ओर से उन्हें और सौरव दास, दोनों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण मिला था। हालांकि, कुछ दिन पहले ही उनका ब्रिटेन का वीजा खारिज कर दिया गया।
रत्ना सिंह ने सौरव दास को एयरपोर्ट पर रोके जाने की घटना को शर्मनाक बताया। इस तरह पार्टी के दो प्रमुख सदस्यों ने ब्रिटेन में होने वाले कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाने को लेकर अलग-अलग आरोप लगाए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved