img-fluid

तिरुपरनकुंद्रम में कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ कार्तिगई दीपम उत्सव, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पुजारियों ने जलाया दीपम

November 24, 2026

चेन्नई। सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) की अनुमति के बाद मंगलवार को तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी (Tiruparankundram Hill) पर कड़ी सुरक्षा के बीच दीपम जलाया गया। सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के पुजारियों की छोटी टीम ने ‘दीपाथून’ (दीप स्तंभ) पर ‘कार्तिगई दीपम’ प्रज्वलित किया। यह पूरा आयोजन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। इससे पहले गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कई नेताओं को पहले ही हिरासत में ले लिया था।

तमिलनाडु के कई नेता हिरासत में
समारोह से पहले पुलिस द्वारा पाबंदियां लागू किए जाने के दौरान, पूरे तमिलनाडु में बीजेपी के कई नेताओं और हिंदू संगठनों के सदस्यों को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, बाद में मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै पीठ ने तमिलनाडु सरकार और सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के उस आदेश का पालन करें, जिसमें पहाड़ी की चोटी पर स्थित ‘दीपाथून’ (स्तंभ) पर पारंपरिक तरीके से दीपक जलाने की अनुमति दी गई थी।

कोर्ट का नेताओं को रिहा करने का निर्देश
कोर्ट ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि तिरुपरनकुंद्रम में लागू निषेधाज्ञा के तहत जिन लोगों को गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया है, उन्हें रिहा किया जाए। समारोह के दौरान लगाई गई पाबंदियों के बीच यह निर्देश जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त और मंदिर प्रशासन को जारी किया गया।


  • दीपाथून विवाद क्या है?
    थिरुप्पारनकुंड्रम पहाड़ी पर हर साल मनाए जाने वाले कार्तिगई दीपम उत्सव को लेकर एक पुराना विवाद चल रहा है। हिंदू समूह और भक्त इस पहाड़ी की ऊपरी हिस्से में स्थित एक पत्थर के खंभे (जिसे दीपाथून कहते हैं) पर पारंपरिक तेल का दीपक जलाना चाहते हैं। सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर पहाड़ी की तलहटी में है। पहाड़ी पर एक शिव मंदिर भी है, जबकि चोटी के पास सिकंदर बदुशा दरगाह स्थित है। हिंदू संगठन लगभग 100 साल पुराने अदालती फैसलों का हवाला देते हुए कहते हैं कि यह पत्थर का खंभा मंदिर का है, इसलिए उस पर दीप जलाना उनका अधिकार है।

    यह मांग पिछले 30 साल से ज्यादा समय से मंदिर प्रशासन, सरकारी शांति बैठकों और अदालतों में चल रही है। दूसरी तरफ, दरगाह के अधिकारी और मुस्लिम संगठन इसका विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि दीप जलाने की जगह उनके पूजा स्थल के बहुत करीब है, इसलिए वे इसे स्वीकार नहीं करते। इस विवाद में मुख्य मुद्दा मालिकाना हक और दोनों पक्षों के अधिकारों का है।

    सुप्रीम कोर्ट का आदेश
    20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने एक बार के लिए अनुमति दे दी कि 24 नवंबर को सिकंदर बदुशा दरगाह के पास पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपाथून पर कार्तिगई दीपम का दीप जलाया जा सकता है। कोर्ट ने साफ कहा कि यह काम सिर्फ अधिकृत टीम ही करेगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहाड़ी पर आम लोगों, जुलूसों और सभाओं पर रोक लगा दी गई है। इसी बीच मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ (जिसकी अध्यक्षता न्यायमूर्ति जी.आर. स्वामीनाथन कर रहे हैं) ने जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को लेकर अधिकारियों को तलब किया है। यह विवाद लंबे समय से चला आ रहा है और दोनों पक्ष अपने-अपने दावे पर अड़े हुए हैं।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved