
नई दिल्ली । केंद्र सरकार (Central Government) ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े (Related to Delimitation and Women’s Reservation) संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी (Has approved Constitutional Amendment Bill) ।
शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। इसके तहत लोकसभा और विधानसभा की सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है। प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा और विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके तहत मौजूदा सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक इजाफा करने की योजना है। सरकार के प्रस्ताव में परिसीमन को अगले 25 वर्षों तक फ्रीज रखने का भी फैसला शामिल है। यानी सीटों की संख्या में प्रस्तावित बढ़ोतरी के बाद उन्हें वर्ष 2051 तक स्थिर रखा जाएगा। इस अवधि में परिसीमन के आधार पर सीटों की संख्या में दोबारा बदलाव नहीं किया जाएगा। इस विधेयक को मंजूरी मिलने के बाद अब संसद में इसे पेश किए जाने का रास्ता साफ हो गया है। विधेयक के प्रावधानों और इसके लागू होने की प्रक्रिया पर आगे की स्थिति संसद में चर्चा के दौरान स्पष्ट होगी।
परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों के बीच समर्थन और विरोध की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध किया है, जबकि डीएमके और बीआरएस ने कुछ शर्तों के साथ समर्थन देने के संकेत दिए हैं। वहीं, कांग्रेस ने इस प्रस्ताव को संविधान पर हमला करार दिया है। इससे पहले अप्रैल में सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने की कोशिश की थी, लेकिन जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा सकी थी। इस कारण विधेयक पारित नहीं हो पाए थे। पिछले सात महीनों में बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच सरकार इस बार पूरी तैयारी के साथ विधेयक को संसद में लाने की रणनीति बना रही है। सरकार को उम्मीद है कि विपक्ष के कुछ दलों का समर्थन हासिल कर वह संविधान संशोधन के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत जुटा सकेगी।
लोकसभा का चार दिवसीय विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, संसद का यह विशेष सत्र मानसून सत्र का ही विस्तार है। मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था लेकिन इसे औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved