
इंदौर। इंदौर में बस और ट्रक की बॉडी बनाने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। विजयनगर थाना पुलिस ने करीब 2 करोड़ 24 लाख रुपये की ठगी के मामले में आरोपी मोहित दीक्षित को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से गाड़ियों की बॉडी तैयार करने के नाम पर लाखों रुपये एडवांस में लिए, लेकिन न तो गाड़ियों की बॉडी तैयार की और न ही रकम वापस की। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
दरअसल, आरोपी मोहित दीक्षित ने अपनी फर्म के माध्यम से बस और ट्रक की बॉडी बनाने का काम शुरू किया था। आरोपी ने इंदौर सहित मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों और प्रदेश के बाहर के ट्रांसपोर्ट संचालकों को अपना निशाना बनाया। किसी से 25 लाख तो किसी से 30 लाख रुपये तक एडवांस के रूप में वसूले गए। इस तरह करीब 2 करोड़ 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। बताया जा रहा है कि भमोरी क्षेत्र बस और ट्रक बॉडी निर्माण के बड़े केंद्र के रूप में जाना जाता है। इसी कारोबार का फायदा उठाकर आरोपी ने लोगों से पैसे लिए और बाद में फरार हो गया। शिकायत के बाद विजयनगर पुलिस ने बीएनएस की धारा 316(2) और 316(5) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी का रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस धोखाधड़ी में और कौन-कौन शामिल है और ठगी की रकम कहां खर्च की गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved