img-fluid

तमिलनाडु सरकार को सुप्रीम कोर्ट की फटकार: अवमानना नोटिस के बाद CRPF की सुरक्षा में दीपथून पर जलेगा दीपक

November 28, 2026

नई दिल्ली. तमिलनाडु (Tamil Nadu) के मदुरै स्थित थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी (Thiruparankundram Hill) पर शनिवार यानी आज कार्तिगई दीपम (Karthigai Deepam) का दीप जलाया जाएगा. सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) के शुक्रवार के आदेश के बाद दीपथून (Deepthoon) में दीप जलाने का रास्ता साफ हुआ है. कोर्ट ने 20 नवंबर के अपने आदेश का पालन नहीं होने पर तमिलनाडु सरकार को कड़ी फटकार लगाई और अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू की है.

सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस और 13 अन्य लोगों को अवमानना का नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने कहा कि उसके आदेश का जानबूझकर पालन नहीं किए जाने को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. कोर्ट ने अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही.


  • सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को मद्रास हाई कोर्ट के 6 जनवरी के फैसले में की गई टिप्पणियों पर रोक लगाते हुए थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के दीपथून में पारंपरिक दीप जलाने का निर्देश दिया था. इसके बाद मद्रास हाई कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान मदुरै के कलेक्टर की ओर से कोर्ट को भरोसा दिया गया था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन किया जाएगा. लेकिन 24 नवंबर को दीप सिर्फ उचीपिल्लैयार मंडपम में जलाया गया और दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मंदिर के ट्रस्ट ने 24 नवंबर के कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले एक प्रस्ताव पारित किया था. इसमें कहा गया था कि दीप सिर्फ उचीपिल्लैयार मंडपम में ही जलाया जाएगा. कोर्ट ने कहा कि यह प्रस्ताव और दीपथून में दीप नहीं जलाया जाना प्रथम दृष्टया कोर्ट के आदेश और हाई कोर्ट में दिए गए भरोसे की अनदेखी दिखाता है.

    मंदिर ट्रस्ट का बोर्ड निलंबित
    सुप्रीम कोर्ट ने अरुलमिगु सुब्रमणियस्वामी मंदिर के ट्रस्टियों के बोर्ड को निलंबित कर दिया है. कोर्ट ने हाई कोर्ट के दो सेवानिवृत्त जजों वैद्यनाथन और पार्थिबन को मंदिर का प्रबंध संभालने के लिए रिसीवर नियुक्त किया है. कोर्ट ने दोनों सेवानिवृत्त जजों को मंदिर का प्रबंधन तुरंत संभालने को कहा है. राज्य सरकार को भी उनकी मदद करने का निर्देश दिया गया है. कोर्ट ने कहा कि मंदिर का संचालन उसकी परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जाए.

    उचीपिल्लैयार के दीप से जलाया जाएगा दीपथून
    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर उचीपिल्लैयार मंडपम में जल रहा दीप अभी भी मौजूद है तो उसी दीप से दीपथून पर दीप जलाया जाए. कोर्ट ने शनिवार को श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर दीप जलाने की भी अनुमति दी है. हालांकि, दरगाह के आसपास 50 मीटर का क्षेत्र खाली रखना होगा. यह सीमा दीपथून समेत दीप जलाने वाली अन्य जगहों पर भी लागू होगी.

    पहाड़ी की सुरक्षा अब सीआरपीएफ के हवाले
    सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु पुलिस की ओर से उसके आदेश को लागू नहीं किए जाने पर मंदिर, दरगाह और पूरी पहाड़ी की सुरक्षा सीआरपीएफ को सौंपने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने कहा कि सीआरपीएफ यह सुनिश्चित करेगी कि श्रद्धालु दरगाह तक पहुंच सकें और अपनी धार्मिक रस्में पूरी कर सकें. दरगाह की जमीन की सुरक्षा के लिए वहां बैरिकेडिंग भी की जा सकती है. कोर्ट ने साफ किया कि उसके आदेश से जमीन पर किसी तरह का नया अधिकार पैदा नहीं होगा.

    15 दिसंबर को पेश होंगे मुख्य सचिव और डीजीपी
    सुप्रीम कोर्ट ने अवमानना नोटिस पाने वाले सभी अधिकारियों को 15 दिसंबर को पेश होने का निर्देश दिया है. उन्हें यह भी बताना होगा कि उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों नहीं शुरू की जाए. मुख्य सचिव और डीजीपी के अलावा हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के सचिव और आयुक्त, मदुरै के कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, ट्रस्ट के अध्यक्ष और चार ट्रस्टी को भी नोटिस जारी किया गया है.

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved