img-fluid

देवास में CM मोहन यादव का सख्त एक्शन, उद्योग विभाग के GM को किया सस्पेंड, लापरवाही पर ठेकेदार पर जुर्माना

November 28, 2026

देवास। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Chief Minister Dr. Mohan Yadav) ने जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित ‘समाधान ऑनलाइन’ कार्यक्रम (Samadhan Online Program) में शिकायतों की सुनवाई के दौरान उन्होंने देवास के उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए। वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग की एक पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकने और नल-जल योजना में लापरवाही पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एक लाख रुपये की पेनल्टी लगाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आवेदकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम लोगों की शिकायतों का तय समय-सीमा में समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

शिकायत की फाइल नहीं दिखा पाए अधिकारी, GM पर गिरी गाज

एक आवेदक की शिकायत का निराकरण नहीं होने और संबंधित प्रकरण की फाइल प्रस्तुत नहीं कर पाने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर की। मामले में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने देवास के उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेताया कि शिकायतों को गंभीरता से लें और उनके समाधान में अनावश्यक देरी न करें।


  • छात्रा की छात्रवृत्ति दूसरे खाते में पहुंची, पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रुकेगी

    कार्यक्रम में देवास की छात्रा सलोनी सिसोदिया ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। सुनवाई के दौरान पता चला कि छात्रवृत्ति की रकम छात्रा के बैंक खाते में पहुंचने के बजाय किसी दूसरे खाते में जमा हो गई थी।

    इस मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग की संबंधित पर्यवेक्षक की ओर से जरूरी फॉलोअप नहीं किया गया था। मुख्यमंत्री ने इसे लापरवाही मानते हुए पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।

    नल-जल योजना में लापरवाही पर ठेकेदार को जुर्माना

    देवास निवासी सुरेश मालवीय ने नल-जल योजना से संबंधित शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। मामले की समीक्षा में लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना से जुड़े कार्यों में जिम्मेदारी के साथ काम करने और शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

    सैनिक पवन यादव के परिवार को 10 लाख की आर्थिक सहायता

    मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में तैनाती के दौरान ऊंचाई से गिरने के कारण जान गंवाने वाले देवास निवासी सैनिक पवन यादव के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने सैनिक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही सैनिक को शहीद का दर्जा दिए जाने से जुड़े प्रकरण का परीक्षण कराने की बात भी कही गई।

    किसान को 50 हजार रुपये की मदद, बीमा राशि जल्द दिलाने के निर्देश

    समाधान ऑनलाइन में वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह ने फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने किसान को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित फसल बीमा राशि के भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश भी दिए।

    मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में अन्य आवेदकों की शिकायतें भी सुनीं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण किया जाए।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved