
जबलपुर। मध्यप्रदेश में बाघों की लगातार हो रही मौतों ने वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश में वर्ष 2026 के दौरान अब तक 62 बाघों की मौत का आंकड़ा सामने आया है। इनमें प्राकृतिक और अप्राकृतिक दोनों प्रकार की मौतें शामिल बताई जा रही हैं। चिंताजनक पहलू यह है कि लगातार बढ़ते इन आंकड़ों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और ठोस कार्रवाई करने को लेकर अब तक कोई प्रभावी कदम दिखाई नहीं दे रहा है। कान्हा, बांधवगढ़, पेंच और सतपुड़ा जैसे प्रमुख टाइगर रिजर्व में बाघों की मौतों के बाद अब पन्ना टाइगर रिजर्व में भी एक युवा बाघिन की फंदे में फंसने से मौत का मामला सामने आया है। उत्तर पन्ना वन मंडल में क्लच वायर (तार का फंदा) में उलझकर हुई इस मौत ने वन क्षेत्रों में अवैध शिकार और निगरानी व्यवस्था की पोल खोल दी है।
कान्हा में बीमारी से 12 बाघों की मौत , बांधवगढ़ में 13 का आंकड़ा
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कान्हा टाइगर रिजर्व में सीडीवी कैनाइन डिस्टेम्पर वायरस बीमारी के कारण 12 बाघों की मौत हो चुकी है। इसके अतिरिक्त बालाघाट टेरिटोरियल वन क्षेत्र में भी तीन बाघों की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 13, पेंच में 2, संजय दुबरी में 1, सतपुड़ा में 3, रातापानी में 1 और रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में 1 बाघ की मौत दर्ज होने की जानकारी है। पन्ना टाइगर रिजर्व, जहां कुछ वर्ष पूर्व बाघों की आबादी को पुनर्स्थापित करने के लिए विशेष प्रयास किए गए थे, वहां भी अब बाघों की मौत का सिलसिला दोबारा चिंता बढ़ा रहा है। इस वर्ष प्रदेश में पांच बाघों के शिकार की आशंका अथवा घटनाओं की जानकारी भी सामने आई है। टाइगर रिजर्व के अलावा क्षेत्रीय वन मंडलों में भी बाघों की मौत के मामले सामने आए हैं।
आखिर कब तय होगी जवाबदेही ?
बाघों की मौत को केवल एक सामान्य वन्यजीव घटना मानकर फाइलों में दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है। प्रत्येक अप्राकृतिक मौत की निष्पक्ष जांच, शिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती, बिजली के खुले तारों और अवैध फंदों पर नियंत्रण तथा लापता बाघों की खोज के लिए ठोस रणनीति आवश्यक है। मध्यप्रदेश को देश में टाइगर स्टेट के रूप में पहचान मिली है, लेकिन यदि इसी तरह बाघों की मौत का सिलसिला जारी रहा तो यह पहचान और वन्यजीव संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाएगा।
तीन वर्षों में लगातार बढ़ता मौतों का आंकड़ा
आंकड़ों के संदर्भ में उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में 47 और वर्ष 2025 में 53 बाघों की मौत का उल्लेख किया गया है। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 62 बाघों की मौत का आंकड़ा सामने आना बेहद गंभीर स्थिति की ओर संकेत करता है। इन आंकड़ों के साथ लापता बाघों की संख्या को भी ध्यान में रखा जाए तो वास्तविक स्थिति और अधिक चिंताजनक हो सकती है।
पन्ना में फंदे में फंसी बाघिन, शावकों की तलाश बनी बड़ी चुनौती
बीते दिनों उत्तर पन्ना वन मंडल में एक युवा बाघिन क्लच वायर के फंदे में फंसी मिली, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह फंदा जंगली सूअर के शिकार के लिए लगाया गया था। लेकिन सवाल यह है कि संरक्षित वन क्षेत्र में इस तरह के घातक फंदे आखिर लगाए कैसे जा रहे हैं और वन विभाग की गश्ती एवं निगरानी व्यवस्था कहां है? प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि मृत बाघिन के साथ उसके शावक हो सकते थे। यदि शावकों का पता नहीं चलता है, तो इस घटना का प्रभाव केवल एक बाघिन की मौत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कई अन्य वन्यजीवों का जीवन भी संकट में पड़ सकता है। बाघिन के शावकों की तत्काल तलाश और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना वन विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
शीर्ष स्तर पर नेतृत्व और कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल
वन विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रधान मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक के कार्य करने के तरीके को लेकर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में असंतोष की चर्चा है। सूत्रों का दावा है कि अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच प्रशासनिक दबाव तथा नौकरी से हटाने जैसी कथित धमकियों को लेकर भी नाराजगी है। बताया जा रहा है कि इस माहौल का असर वन विभाग के मैदानी अमले के मनोबल और कार्यक्षमता पर पड़ रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना आवश्यक है। सवाल यह है कि जब वन्यजीवों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले विभाग के भीतर ही प्रशासनिक समन्वय और कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष की स्थिति बताई जा रही है, तो जंगलों में वन्यजीवों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
इनका कहना है
लगातार बाघो क़ी मौत का चिंतनीय विषय है घनत्व भी बढ़ा है लेकिन वर्ष 2026 बाघो क़ी मौत पूर्व क़ी अपेक्षा अधिक है।
शुभरंजन सेन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन बल प्रमुख, मध्यप्रदेश
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved