img-fluid

गलत नीयत से बच्ची का हाथ पकड़ना भी यौन हमला, मप्र हाईकोर्ट ने दोषी की अपील खारिज की

November 25, 2026

जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट (Madhya Pradesh High Court) ने पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के एक मामले में अहम फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि गलत नीयत से नाबालिग बच्ची (Minor girl) का हाथ पकड़ना और विरोध के बावजूद उसे नहीं छोड़ना भी यौन हमला माना जाएगा। अदालत ने कहा कि पॉक्सो एक्ट की धारा 7 के तहत यौन हमले के लिए शरीर के किसी विशेष अंग को छूना अनिवार्य नहीं है। यौन इरादे से किया गया कोई भी शारीरिक संपर्क इस अपराध के दायरे में आ सकता है। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने दोषी यूसुफ की अपील खारिज कर दी और उसे शेष सजा पूरी करने के लिए जेल में आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया।



  • क्या है पूरा मामला

    यह घटना 23 सितंबर 2020 की है। अभियोजन के मुताबिक, यूसुफ को पीड़ित बच्ची के घर में निर्माण कार्य के लिए राजमिस्त्री के रूप में रखा गया था। घटना के दिन सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 12 वर्षीय बच्ची घर की पहली मंजिल पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और उससे उम्र तथा कक्षा को लेकर निजी सवाल पूछने लगा। आरोप है कि इसके बाद उसने गलत नीयत से बच्ची का हाथ पकड़ लिया।

    बच्ची ने विरोध करते हुए शोर मचाया और खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ा लिया। इसके बाद वह गैलरी में जाकर खुद को बंद कर लिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, वहां से भागने से पहले आरोपी ने बच्ची को धमकी भी दी थी। बच्ची ने अपनी मां को फोन कर घटना की जानकारी दी। माता-पिता के घर लौटने पर उसने उन्हें पूरी घटना बताई, जिसके बाद उसी दिन पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

    ट्रायल कोर्ट ने सुनाई थी तीन साल की सजा

    मामले की सुनवाई के बाद ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और 354-ए(1)(i) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 और 11/12 के तहत दोषी ठहराया था। हालांकि, उसे आईपीसी की धारा 506 (भाग-दो) और एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के आरोपों से बरी कर दिया गया था।

    पॉक्सो एक्ट की धारा 42 के प्रावधानों के तहत अदालत ने आरोपी को धारा 7 और 8 में कम से कम तीन वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। साथ ही पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया था।

    हाईकोर्ट ने स्पष्ट की यौन हमले की परिभाषा

    दोषसिद्धि के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे आरोपी ने सजा को चुनौती दी थी। सुनवाई के दौरान अदालत के सामने यह सवाल था कि क्या शरीर के किसी विशेष अंग को छूने के अलावा अन्य प्रकार का शारीरिक संपर्क भी पॉक्सो एक्ट के तहत यौन हमला माना जा सकता है।

    इस पर अदालत ने स्पष्ट किया कि पॉक्सो एक्ट की धारा 7 का दायरा केवल शरीर के विशेष हिस्सों को छूने तक सीमित नहीं है। यौन इरादे से किया गया ऐसा कोई भी शारीरिक संपर्क, जिसमें प्रवेश (पेनिट्रेशन) शामिल न हो, इस धारा के तहत यौन हमले की श्रेणी में आ सकता है।

    अदालत ने मामले के तथ्यों और बच्ची के बयान को ध्यान में रखते हुए आरोपी की अपील खारिज कर दी। साथ ही उसे शेष सजा भुगतने के लिए जेल में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved