
- समरसता सेवा संगठन ने विश्व नशा निरोधक एवं मधुमेह जागृति दिवस के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन
जबलपुर। समरसता सेवा संगठन ने विश्व नशा निरोधक एवं मधुमेह जागृति दिवस के अवसर पर नशा मुक्त, संतुलित जीवन शैली स्वस्थ जीवन का आधार विषय पर विचार गोष्ठी एवं जागरूकता अभियान का आयोजन मुख्य वक्ता डॉ परिमल स्वामी, बहिन भावना दीदी की अध्यक्षता, डॉ पुष्पा पांडे के विशिष्ट आतिथ्य, समरसता सेवा संगठन अध्यक्ष पवन पांडे, सचिव मनोज सेठ एवं कार्यक्रम प्रभारी डॉ सुनील मिश्रा की उपस्थिति में ब्रह्मकुमारी आश्रम भंवरताल में किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही ब्रम्हकुमारी आश्रम की भावना बहिन जी ने अपने आशीर्वाचन में कहा समरसता सेवा संगठन ने बहुत ही अच्छा प्रयास किया है और नशा से हो या मधुमेह से मुक्ति के लिए आज का यह कार्यक्रम आयोजित किया है। उन्होंने कहा करना ही है तो ईश्वरीय नशा कीजिए अर्थात नशा करना है तो ईश्वर की प्राप्ति का नशा करो, ईश्वर की प्रार्थना आराधना और उसके ध्यान से जुडिय़े। देश नशा मुक्त हो जाये इसका प्रयास हमें करना होगा, मधुमेह पर भी हमें विजय प्राप्त करना है, इसके लिए हमें अपनी सोच की सकारात्मक करना होगा, मिठास जीवन मे आवश्यक है पर मिठास खानपान की नहीं अपितु हमारी वाणी की मिठास, हमारे कार्यों में मिठास हो साथ ही हमारे विचारों में मिठास हो तब आपको किसी अन्य मिठास की आवश्यकता ही नहीं होंगी। उन्होंने कहा सर्वप्रथम स्वयं के लिए अच्छा विचार करें, फिर दुसरो का अच्छा सोचे,अपने जीवन के मूल्यों को अच्छा करना होगा.इस हेतु राजयोग महत्वपूर्ण साधन है, राजयोग कुछ नहीं बस अपने ऊपर कार्य करने का साधन है।
विचार गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ परिमल स्वामी ने कहा जीवन लम्बा हो ना हो पर जितना हो स्वस्थ होना चाहिए, मधुमेह जैसी बीमारी जो धीरे धीरे हमारे शरीर को नुकसान पहुँचाती है इससे बचा ज सकता है इसके लिए हमें संयमित जीवन शैली और संतुलित आहार की आवश्यकता है। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि डॉ पुष्पा पांडे ने विचार गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कहा स्वस्थ रहने के लिए शारीरिक ऊर्जा, मानसिक ऊर्जा, आध्यात्मिक ऊर्जा इन तीन ऊर्जाओ की आवश्यकता होती है, यदि हम आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ है तो मानसिक रूप से स्वस्थ रहेंगे और शारीरिक रूप से स्वस्थ होंगे। समरसता सेवा संगठन के अध्यक्ष पवन पांडे ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए बताया कि समरसता सेवा संगठन ने अपने चतुर्थ कैलेंडर में हर माह एक कार्यक्रम करने का निर्णय लिया है जिसमे सेवा कार्य, जागरूकता अभियान, युवाओं और महिलाओ की भागीदारी एवं पारम्परिक आयोजनों को शामिल किया गया है इसी तारतम्य में जून विश्व नशा मुक्ति दिवस एवं मधुमेह जाग्रति दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा संगठन के वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित कार्यक्रम का कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ श्याम जी रावत को नशा मुक्त अभियान हेतु सम्मानित किया गया गया। कार्यक्रम का संचालन सचिव मनोज सेठ एवं आभार पूर्व सचिव उज्वल पचौरी ने व्यक्त किया।