
बालाघाट: शराब (Liquor) के नशे में धुत एक युवक ने मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के बालाघाट (Balaghat) के गर्रा रेलवे पुल (Garra Railway Bridge) पर जमकर हंगामा किया. युवक की हरकतों की वजह से रेल ट्रैक पर आ रही पैसेंजर ट्रेन (Passenger Train) को पायलट को बीच रास्ते पर ही रोकना पड़ा. करीब पंद्रह मिनट तक ट्रेन पुल पर खड़ी रही और यात्रियों की सांसें अटकी रहीं. अचानक हुई इस घटना से लोग सहम गए और हर कोई हादसे की आशंका से परेशान नजर आया. लेकिन लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ ने स्थिति को संभाल लिया, वरना यह लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती थी. इस दौरान कई यात्री ट्रेन से उतरकर शराबी को किनारे करने की कोशिश करते दिखे.
उधर, नदी किनारे प्रतिमा विसर्जन कर रहे लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है. पुलिस का कहना है कि वीडियो और चश्मदीदों के बयान के आधार पर उस शराबी युवक की पहचान की जा रही है. जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने साफ कहा है कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्रा रेलवे पुल जैसे संवेदनशील इलाके में अक्सर लोग बेवजह घूमते रहते हैं. कई बार शराबी या लापरवाह लोग यहां पहुंचकर खुद को और दूसरों को खतरे में डाल देते हैं. लोगों ने मांग की है कि इस इलाके में रेलवे सुरक्षा बल की गश्त और कड़ी की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved