
नलखेड़ा। पीतांबरा सिद्धपीठ माँ बगलामुखी पर चैत्र नवरात्रि के दौरान रविवार को आस्था का महाकुंभ देखने को मिला। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं ने घंटों लाइन में लगकर दर्शन करें। इस दौरान माँ के जयकारे से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो रहा था। रविवार अवकाश का दिन होने से सुबह से ही भक्तों की भीड़ माता मंदिर पर लगी रही जो देर रात तक जारी थी।
इसके साथ ही नगर के अंदरूनी मार्ग पर सुबह से रात्रि तक चौपहिया वाहनों के आने जाने की चेन नहीं टूटी। सुबह से ही वाहनों की संख्या को देखते हुवे एवं हर स्थान पर पुलिस बल सम्भव नहीं होने की दशा में विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष किशोर बैरागी अपने स्वयंसेवकों संग नगर की अंदरूनी यातायात व्यवस्था सम्हालते रहे। मंदिर मार्ग से लेकर शिवाजी चौराहा सरदार पटेल चौराहा लखुंदर नदी के किनारे पर बने बायपास मार्ग पिलवास चौराहा सहित अन्य कई स्थानों पर बजरंग दल के स्वयंसेवकों द्वारा सफलता पूर्वक यातायात व्यवस्था को सम्हाला। इसके साथ ही नागरिकों द्वारा जाम की स्थिति से बचने के लिए वाहन चालकों को अन्य मार्गों से होकर गंतव्य तक पहुंचने के मार्ग भी दिखाए गए। बगलामुखी मंदिर पर रविवार को बड़ी संख्या में माता भक्तों के व वीआईपी पहुँचने की संभावनाओं को देखते हुए पुलिस विभाग सहित राजस्व विभाग के प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ अन्य विभाग के कर्मचारी व्यवस्था संभालने के लिए मंदिर परिसर तथा परिसर के बाहर अलर्ट दिखाई दिए। मंदिर समिति सचिव तहसीलदार प्रियंक श्रीवास्तव, एसडीओपी देवनारायण यादव, थाना प्रभारी नागेश यादव, पटवारी रामपाल सिंह तोमर आदि मंदिर की व्यवथाओं को संभालते दिखाई दिए और भक्तो को मां के दर्शन सुगमता से हो उसके लिए चाक चौबंद व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved