
छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की शनिवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें पूरे दिन आराम करने की सलाह दी है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह दीपके अपने घर के पार्किंग एरिया में लोगों से मिलने आए थे। इसी दौरान करीब 11:45 बजे उन्हें अचानक बेचैनी महसूस हुई। इसके बाद वह घर के पीछे की ओर गए, जहां उन्हें उल्टी हुई। इसके बाद वह बिना मीडिया से बात किए सीधे अपने घर के अंदर चले गए।
उनके पिता भगवान दीपके ने बताया कि उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद डॉक्टर को घर बुलाया गया। डॉक्टर विशाल लहाने ने मौके पर पहुंचकर उनकी जांच की। डॉक्टर ने बताया कि दीपके का ब्लड प्रेशर थोड़ा कम है। सुबह से उन्हें घबराहट और उल्टी जैसा महसूस हो रहा था। उन्हें दो बार उल्टी हुई है और साथ ही दस्त (लूज मोशन) की भी शिकायत है। डॉक्टर के अनुसार, यह परेशानी तनाव और चिंता की वजह से हो सकती है।
अभिजीत दीपके को IV फ्लूड दी गई है और उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है। डॉक्टर ने कहा कि फिलहाल उन्हें बुखार नहीं है और अगर वे आराम करते हैं तो जल्द ठीक हो सकते हैं। हालांकि, अगर उनकी तबीयत में सुधार नहीं होता है, तो आगे ब्लड टेस्ट किया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर इलाज तय किया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved