
नई दिल्ली । सुपरस्टार शाहरुख खान (Shahrukh Khan) की बहुप्रतीक्षित फिल्म किंग (Film King)को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया(Social media) पर जबरदस्त चर्चा है, लेकिन इस बार सुर्खियों का केंद्र सिर्फ किंग खान (King Khan)नहीं, बल्कि अभिषेक बच्चन(Abhishek Bachchan) बन गए हैं। हाल ही में सामने आए उनके नए और रफ-टफ लुक ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। बढ़ी हुई दाढ़ी, सख्त एक्सप्रेशन और एटीट्यूड से भरा अंदाजअभिषेक का यह ट्रांसफॉर्मेशन किसी बड़े धमाके की ओर इशारा कर रहा है। माना जा रहा है कि यह लुक फिल्म ‘किंग’ में उनके विलेन किरदार का है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट को कई गुना बढ़ा दिया है।
काफी समय से चर्चा थी कि इस एक्शन थ्रिलर में अभिषेक बच्चन निगेटिव रोल निभाते नजर आएंगे, लेकिन अब उनका वायरल लुक इन अटकलों पर लगभग मुहर लगाता दिख रहा है। अभिषेक पहले भी चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं। युवा और रावण जैसी फिल्मों में उनके नेगेटिव शेड्स को सराहा गया था। वहीं वेब सीरीज ब्रीद: इनटू द शैडोज़ में उनके ग्रे किरदार ने दर्शकों को चौंका दिया था। अब ‘किंग’ में उनका कथित खतरनाक अवतार इस बात का संकेत दे रहा है कि वह पहले से भी ज्यादा दमदार भूमिका में नजर आने वाले हैं।
फिल्म में शाहरुख खान और उनकी बेटी सुहाना खान पहली बार बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देंगे, जो अपने आप में एक खास आकर्षण है। बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी एक अंडरवर्ल्ड डॉन और उसके इर्द-गिर्द घूमते किरदारों पर आधारित होगी। ऐसे में अभिषेक का रोल कहानी का सबसे बड़ा सरप्राइज फैक्टर साबित हो सकता है। दिलचस्प बात यह है कि शाहरुख और अभिषेक इससे पहले हैप्पी न्यू ईयर में साथ नजर आ चुके हैं, जहां दोनों की केमिस्ट्री दोस्ताना थी। लेकिन इस बार दोनों आमने-सामने होंगे हीरो बनाम विलेन की सीधी टक्कर में।
फिल्म का निर्देशन सुजॉय घोष कर रहे हैं, जबकि इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं सिद्धार्थ आनंद, जो पहले पठान और फाइटर जैसी हिट फिल्में दे चुके हैं। ऐसे में ‘किंग’ से उम्मीदें और भी बढ़ जाती हैं। मेकर्स का मानना है कि अभिषेक की स्क्रीन प्रेजेंस और उनका इंटेंस लुक फिल्म में नई ऊर्जा भर देगा।
सोशल मीडिया पर उनके लुक को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। फैंस कमेंट कर रहे हैं कि यह रोल फिल्म में अलग ही स्वैग लेकर आएगा। कुछ यूजर्स ने तो यहां तक कहा कि अभिषेक का यह बैड बॉय अवतार लंबे समय तक याद रखा जाएगा। अब सवाल यही है कि क्या यह किरदार हाल के चर्चित विलेन रोल्स जैसी मजबूत छाप छोड़ पाएगा? क्या ‘किंग’ बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बनाएगी? इन सवालों के जवाब भले ही रिलीज के बाद मिलें, लेकिन इतना तय है कि अभिषेक बच्चन का यह खतरनाक लुक फिल्म को लेकर सस्पेंस और रोमांच दोनों को चरम पर ले गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved