
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बैठक में नगर निगम के कार्यों की समीक्षा करते हुए अमृत 2.0 योजना के तहत शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने के कार्य में गति लाने के निर्देश निगम अधिकारियों को दिये हैं। कलेक्टर ने पाइपलाइन बिछाने से खराब हुई सड़कों के रेस्टोरेशन को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिये। कलेक्टर कार्यालय में संपन्न हुई इस बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर कलेक्टर रविशंकर राय एवं नगर निगम के संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। सार्वजनिक परिवहन को सुदृढ़ करने शहर में पीएम ई-बस सेवा के संचालन पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने ई-बस के लिए चिन्हित मार्गों के अलावा अन्य क्षेत्रों से भी इन बसों का संचालन करने तथा चार्जिंग प्वाइंट की संख्या बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि ई-बस सेवा के प्रस्तावित रूटों को शीघ्र प्रकाशित कर जनप्रतिनिधियों के भी सुझाव लिए जाएं। कलेक्टर ने बैठक में आवारा श्वानों के बधियाकरण के कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश निगम अधिकारियों को दिये।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved