
- घमापुर के गुरुगोविंद सिंह खालसा स्कूल की घटना
जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र के जीसीएफ स्टेट स्थित गुरुगोविंद सिंह खालसा स्कूल में कक्षा दसवीं के एक छात्र के साथ मारपीट करने और उसके परिजनों को धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। छात्र के पिता की शिकायत और स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद घमापुर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ किशोर न्याय बच्चों की देखभाल अधिनियम 2015 की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार घमापुर शीतलामाई स्थित केदारनाथ मंदिर के पास रहने वाले अभिषेक दुबे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा अनुराग दुबे गुरुगोविंद सिंह खालसा स्कूल में कक्षा दसवीं का छात्र है। बीती 3 नवंबर को स्कूल की शिक्षिका दीक्षा शर्मा ने किसी बात को लेकर अनुराग के साथ मारपीट की और उसकी अंगुली मरोड़ दी। इससे छात्र के हाथ में काफी चोट आई और वह डर गया। घटना की जानकारी मिलने पर अभिषेक दुबे और अन्य परिजन 5 नवंबर को स्कूल पहुंचे और प्रिंसिपल कक्ष में जाकर इस बात की शिकायत की। परिजनों का आरोप है कि जब प्रिंसिपल कक्ष में शिक्षिका दीक्षा शर्मा को बुलाया गया, तो वह अपने अधिवक्ता पति और कुछ अन्य लोगों को साथ लेकर वहां पहुंच गई। बातचीत के दौरान मामला सुलझाने के बजाय परिजनों और छात्र को धमकाया गया। उनसे कहा गया कि यदि इस मामले की पुलिस में रिपोर्ट की गई तो बच्चे का भविष्य खराब कर दिया जाएगा। इस धमकी से आहत होकर परिजनों ने घमापुर थाने में पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।