
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में स्थायी शिक्षकों की भारी कमी से शैक्षणिक व्यवस्था और विभागों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। विश्वविद्यालय के 30 विभागों और संस्थागत इकाइयों की जिम्मेदारी महज 16 नियमित शिक्षकों के कंधों पर है।
नियमित नियुक्तियां न होने से प्रो. अलका नायक, प्रो. धीरेंद्र पाठक, प्रो. राकेश बाजपेयी, प्रो. एसएस संधू, प्रो. अश्वनी जायसवाल और प्रो. विवेक मिश्रा जैसे वरिष्ठ शिक्षक कई विभागों का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। एक-एक शिक्षक के पास दो से अधिक विभाग होने के कारण नियमित कक्षाएं, शोध निर्देशन, परीक्षा कार्य और विद्यार्थियों के कोर्स समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज सूची से स्पष्ट है कि पूरा संस्थान अतिरिक्त प्रभार के सहारे चल रहा है।
प्रशासनिक कामकाज का भी दबाव
वरिष्ठ शिक्षकों पर केवल विभाग चलाने की नहीं बल्कि विश्वविद्यालय स्तर के प्रशासनिक पदों की भी जिम्मेदारी है। प्रो. एसएस संधू जैव विज्ञान, बायो डिजाइन इनोवेशन सेंटर और अकादमिक स्टाफ कॉलेज का काम देख रहे हैं। नियमित कुलसचिव के अवकाश पर जाने की स्थिति में उन्हें प्रभारी कुलसचिव का दायित्व भी संभालना पड़ता है। प्रो. अश्वनी जायसवाल हिंदी एवं दर्शनशास्त्र विभाग के साथ छात्र कल्याण अधिष्ठाता की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं प्रो. विवेक मिश्रा राजनीतिक विज्ञान विभाग के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं।
दोहरे बोझ से शोध और पढ़ाई पर असर
विभागाध्यक्ष का पद केवल कागजी या प्रशासनिक प्रभार तक सीमित नहीं होता है। इस पद पर रहते हुए संबंधित शिक्षक को नियमित कक्षाएं लेने, विद्यार्थियों की अकादमिक समस्याओं को सुलझाने और परीक्षा से जुड़े कार्य करने होते हैं। इसके अलावा शोधार्थियों का मार्गदर्शन करना, नए शोध प्रस्तावों पर काम करना और विभागीय समितियों की बैठकें आयोजित करना भी इन्हीं की जिम्मेदारी होती है। एक ही व्यक्ति पर इतने सारे दायित्व होने से अकादमिक गुणवत्ता और शोध गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। इधर दूसरी तरफ विवि में नियमित शिक्षकों की कमी के चलते विद्यार्थियों को पढ़ाई में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
एक शिक्षक के जिम्मे कई विभागों का प्रभार
विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रोफेसरों को अपने मूल विषय के साथ अन्य केंद्रों का भी काम देखना पड़ रहा है। कई विभागों में नियमित विभागाध्यक्ष उपलब्ध न होने के कारण यह स्थिति बनी है। प्रो. अलका नायक शारीरिक शिक्षा विभाग की निदेशक एवं विभागाध्यक्ष होने के साथ स्कूल ऑफ एजुकेशन, योग, व्यावसायिक अध्ययन एवं कौशल विकास संस्थान, महिला अध्ययन केंद्र और आईक्यूएसी जैसी इकाइयों को संभाल रही हैं। इसी तरह प्रो. धीरेंद्र पाठक के पास पत्रकारिता एवं जनसंचार, संस्कृत-पाली-प्राकृत और पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग की अध्यक्षता है। प्रो. राकेश बाजपेयी भौतिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स तथा कृषि विज्ञान विभाग के साथ महाविद्यालय विकास परिषद के डीन का दायित्व भी निभा रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved