
इंदौर। खजराना इलाके की एक बेशकीमती जमीन को लेकर रात को 10 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। आरोपियों में एक भू-माफिया सहित उसके चार भाई और 5 अन्य लोग शामिल हैं। एक आरोपी तो रिटायर्ड पुलिसकर्मी है, जिसकी मौत हो चुकी है। यह शिकायत एक रिटायर्ड फौजी ने बरसों पहले की थी, जिसमें अब जाकर कार्रवाई हुई है।
खजराना पुलिस ने बताया कि सोबरन पिता रामस्नेहीसिंह गौर निवासी केसरबाग कॉलोनी की शिकायत पर शेख मुश्ताक, प्रदीप कुमार दुबे, भूरेलाल, इदरीस, इब्राहिम, इसरार शेख, इस्माईल, कैलाश, निलोफर, गुलामनबी और फारुख के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी शेख मुश्ताक और उसके भाइयों ने मिलकर खजराना दरगाह के सामने की सहकारी संस्था की जमीन को बेचा था। उन्होंने इसके लिए मध्यप्रदेश विक्रय कर विभागीय अल्प आय वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गृह निर्माण संस्था बनाई थी।
आरोप है कि सरकारी कर्मचारियों को प्लाट नहीं बेचे, दूसरे कर्मचारियों को ही बेच दिए। आरोपियों में शामिल गुलाबनबी रिटायर्ड पुलिसकर्मी है, जिसकी मौत हो चुकी है। फरियादी सोबरन सहकारी संस्था के पूर्व अध्यक्ष थे। इस मामले में पूर्व कलेक्टर पी. नरहरि को शिकायत हुई और पूरा मामला जांच में चला गया। इस जमीन की लीज भी निरस्त हो गई थी। लगातार मामले की जांच के बाद कार्रवाई की गई। मुश्ताक और उसके भाई पर पहले भी जमीनों की जालसाजी के आरोप लग चुके हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved