
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल (Bhopal) में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है कि अब वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी निशाने पर आ गए हैं. एडीजी राजाबाबू सिंह (ADG Rajababu Singh) को उनके ही घर के बाहर धमकाने का मामला सामने आया है. घटना भोपाल के त्रिलंगा इलाके की है, जहां कुछ अज्ञात युवक कार से एडीजी राजाबाबू सिंह के घर के बाहर पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी.
एक युवक हाथ में डंडा भी लिए हुए था. पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV Cameras) में रिकॉर्ड हो गई है. इस घटना के बाद मामला और गंभीर हो गया, जब एडीजी राजाबाबू सिंह ने खुद अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. उन्होंने पुलिस कमिश्नर और डीजीपी को पत्र लिखकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. उन्होंने साफ कहा है कि यह घटना उनकी जान को खतरे का संकेत है. मामले में शाहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. एडीजी की ओर से पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे गए हैं. फिलहाल पुलिस फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved