
इंदौर। कल शहर में अग्रसेन चौराहे पर बने भव्य अग्रसेन द्वार का शुभारंभ किया गया। शुभारंभ के दौरान निर्माण समिति से जुड़े गोविंद सिंघल ने बताया कि यहां जब खुदाई हुई तो बहता नाला मिला, जिस पर गेट बनाना मुश्किल था, लेकिन इंजीनियर और ठेकेदार ने उसे भी संभव कर दिखाया और आज यहां भव्य अग्रसेन द्वार खड़ा है।
द्वार के शुभारंभ के पहले महाराजा अग्रसेन की भव्य आरती की गई, जिसमें समाज के सभी 18 गोत्रों की मौजूदगी रही। महिलाएं अपने-अपने घरों से पूजन की थालियां सजाकर लाई थीं। कार्यक्रम में समाजसेवी एवं उद्योगपति विनोद अग्रवाल और सांसद शंकर लालवानी विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके साथ पार्षद मृदुल अग्रवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, पार्षद मुद्रा शास्त्री मौजूद रहीं। शुरुआत में अग्रसेन यूथ क्लब के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया तो निर्माण समिति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गोविंद सिंघल ने एक आश्चर्यजनक जानकारी समाजजनों को दी।
उन्होंने मंच से कहा कि हमने यहां जनप्रतिनिधि और समाजसेवियों की मदद से जब 2023 में द्वार बनाने का निर्णय लिया था, तब इसे बनाना चुनौती था, क्योंकि कॉलम की खुदाई के दौरान मालूम पड़ा कि यहां नीचे नाला बह रहा है, जिस पर कॉलम बनाना मुश्किल था। हमने इंजीनियर और ठेकेदार से बात की। अधिकांश ठेकेदारों ने काम करने से मना कर दिया, लेकिन केके अग्रवाल नामक ठेकेदार ने इसे बनाना स्वीकार किया और हमने यह गेट बनाया। इसका पत्थर राजस्थान से मंगवाया गया। आज यह भव्य गेट समाज के हर व्यक्ति को गौरव महसूस कराता है। कार्यक्रम में राहुल गोयल, संजय बांकड़ा, प्रयोग गर्ग, संदीप गोयल, अतुल अग्रवाल, राजीव बांकड़ा, सौरभ बालाजी आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved