अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद (Ahmedabad) में हुए भीषण विमान हादसे के दस महीने बाद पीड़ित परिवारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को पत्र लिखकर दुर्घटना की सच्चाई सामने लाने की मांग की है। परिजनों ने कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) और ‘ब्लैक बॉक्स’ का डेटा सार्वजनिक करने का अनुरोध किया है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
12 जून 2025 को (Air India) का विमान अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 260 लोगों की जान गई थी। परिवारों का कहना है कि वे जानना चाहते हैं कि दुर्घटना तकनीकी खराबी से हुई या किसी अन्य वजह से।
लगभग 30 शोकाकुल परिवार शनिवार को अहमदाबाद में एकत्र हुए और प्रधानमंत्री को संबोधित पत्र तैयार किया। उन्होंने अनुरोध किया कि यदि डेटा सार्वजनिक नहीं किया जा सकता तो कम से कम इसे प्रभावित परिवारों के साथ निजी तौर पर साझा किया जाए।
इस लेटर की प्रतियां विमान दुर्घटना (AAIB), नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को भी भेजी गई हैं। पत्र में कहा गया है कि यदि ब्लैक बॉक्स का डेटा सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है तो उसे कम से कम पीड़ितों के परिवारों के साथ निजी तौर पर साझा किया जाना चाहिए। पैसा नहीं पूरी कर सकता है कमी
हादसे में अपने बेटे को खोने वाले नीलेश पुरोहित ने कहा कि मुआवजा इस नुकसान की भरपाई नहीं कर सकता, परिवारों को सच्चाई जानना जरूरी है। वहीं अन्य परिजनों ने एयरलाइन की वेबसाइट और सहायता प्रक्रिया को लेकर भी कठिनाइयों की बात कही।
खेड़ा के निवासी रोमिन वोरा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के कई परिवार डिजिटल माध्यमों से जुड़ी प्रक्रियाओं में परेशान हो रहे हैं। उन्होंने निजी सामान को पोर्टल पर सार्वजनिक दिखाने पर भी आपत्ति जताई।
जांच एजेंसी ने जुलाई 2025 में प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की थी, जबकि अंतिम रिपोर्ट इस साल जून में आने की उम्मीद है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved