
नई दिल्ली । बिहार (Bihar) में विपक्षी महागठबंधन द्वारा राजद नेता और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) को मुख्यमंत्री और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के अध्यक्ष मुकेश सहनी (Mukesh Sahni) को उप मुख्यमंत्री (Deputy Chief Minister) का चेहरा बनाए जाने पर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने तंज कसा है और कहा है कि अगर 2% वाला डिप्टी CM बनेगा और 13% वाला CM तो 18 फीसदी वाला क्या दरी बिछावन मंत्री बनेगा? उत्तर प्रदेश AIMIM के अध्यक्ष शौकत अली ने सोशल मीडिया पर यह टिप्पणी की है।
उन्होंने लिखा है, “2% वाला उपमुख्यमंत्री, 13% वाला मुख्यमन्त्री, 18% वाला दरी बिछावन मन्त्री, जब हम कुछ कहेंगे तो बोलेंगे अब्दुल तू चुप बैठ वरना बीजेपी आ जायेगी।” उनकी यह टिप्पणी सबसे बड़ी आबादी वाले मुस्लिम समुदाय से किसी चेहरे को डिप्टी सीएम फेस नहीं बनाने पर आई है। बिहार में मुस्लिमों की आबादी करीब 17.7 फीसदी है। 11 सीटों पर तो उसकी आबादी 40 फीसदी है।इसके अलावा राज्य की 47 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। शौकत ने मुस्लिमों को भाजपा का भय दिखाए जाने की भी उल्लेख किया है कि अगर तुम बोलोगे तो BJP आ जाएगी।
2% वाला उपमुख्यमंत्री 13%वाला मुख्यमन्त्री 18%वाला दरी बिछावन मन्त्री,जब हम कुछ कहेंगे तो बोलेंगे अब्दुल तू चुप बैठ वरना बीजेपी आजायेगी। pic.twitter.com/WdGQL19Afz
— Shaukat Ali (@imshaukatali) October 23, 2025
समाज के अन्य वर्गों से भी उप मुख्यमंत्री बनाए जाएंगे
बता दें कि महागठबंधन ने बृहस्पतिवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तेजस्वी यादव को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। राजधानी पटना के होटल मौर्या में आयोजित महागठबंधन के घटक दलों के नेताओं के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने तेजस्वी यादव के नाम की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि सहनी के अलावा समाज के अन्य वर्गों से भी उप मुख्यमंत्री बनाए जाएंगे, हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि महागठबंधन की सरकार बनने पर उसमें कितने उप मुख्यमंत्री होंगे।
सहनी निषाद जाति से आते हैं
समर्थकों के बीच ‘सन ऑफ मल्लाह’ के नाम से मशहूर सहनी निषाद जाति से आते हैं। निषाद बिहार में अति पिछड़े वर्ग की श्रेणी में आते हैं। इस मौके पर गहलोत ने राजद नेता तेजस्वी की तारीफ करते हुए कहा, “तेजस्वी एक नौजवान हैं, जिनका लंबा भविष्य है। जनता हमेशा उन्हीं के साथ रहती है जिनमें प्रतिबद्धता और ईमानदारी होती है। पिछली बार इन्होंने जो रोजगार के वादे किए थे, उन्हें निभाने की दिशा में काम किया।”
गहलोत ने और क्या कहा?
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के हालात गंभीर हैं और लोग चिंतित हैं कि देश किस दिशा में जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की मौजूदा स्थिति को लेकर हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह तय करे कि देश आगे किस राह पर बढ़ेगा। उन्होंने कहा, “बिहार के चुनाव पर पूरे देश की नजर है। बेरोजगारी हो या अन्य मुद्दे, छात्र, युवा और किसान सभी चिंतित हैं। लोग बदलाव चाहते हैं।”
गहलोत का कहना था, “हमारे सामने बहुत बड़ी चुनौती है। लोकतंत्र का मुखौटा रह गया है। लोकसभा चुनाव में भाजपा को 240 सीटें मिलीं, लेकिन तेजस्वी यादव ने उस वक्त भी शानदार प्रदर्शन किया था।” उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जी और इन्होंने (तेजस्वी) ने मिलकर जो यात्रा (वोटर अधिकार यात्रा) की थी उसका बहुत असर हुआ है।आने वाले वक़्त में राहुल जी भी आएंगे और प्रियंका जी भी बिहार आएंगी।” कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को यह स्पष्ट करने चुनौती दी कि मुख्यमंत्री पद के लिए उसका चेहरा कौन है?
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved