
मॉस्को। रूस के मुस्लिम बहुल इलाके में आज एक हमलावर के अल्लाहू अकबर कहकर पुलिसवाले को चाकू मारने के बाद पुलिस ने उसे गोली मार दी। इस किशोर ने कुकमोर इलाके में पुलिस थाने को आग लगाने का प्रयास किया था। 16 साल का यह लड़का धारदार चाकू से लैस था और उसने गोली मारे जाने से पहले एक पुलिसवाले को बुरी तरह से घायल कर दिया।
स्थानीय मीडिया ने इस हमलावर का नाम विटले अंतीपोव बताया है। रूस की जांच एजेंसी ने कहा कि वे इसे आतंकवाद की घटना मानकर व्यवहार कर रहे हैं और एक आपराधिक मामला दर्ज किया है। रूस की समाचार एजेंसी इंटरफैक्स ने कहा कि यह हमलावर अल्लाहू अकबार के नारे लगा रहा था। उसने पुलिस को हमले के दौरान काफिर बताया था। यह घटना मुस्लिम बहुल टटारस्तान में हुई है।
जांचकर्ताओं ने कहा कि हमलावर ने जिले की पुलिस की एक इमारत को आग लगाने की कोशिश की और गिरफ्तार करते समय पुलिस अधिकारी को चाकू मार दिया। उसने पुलिसवालों से कहा, ‘मैं तुम सभी को मारने जा रहा हूं।’ उसने पुलिस अधिकारी पर तीन बार चाकू से वार किया। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने उसे चेतावनी देने के लिए हवा में गोली चलाई लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने उसे गोली मार दी। हमलावर की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल पुलिस अधिकारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है लेकिन उसकी जान अभी भी खतरे में बनी हुई है। जांचकर्ताओं ने इसे ‘आतंकी घटना का प्रयास’ करार देते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अंतीपोव साइबेरिया के अल्टाई इलाके का है और एक हलाल कैफे में काम करता है। इस कैफे का मालिक भी हथियारों के अवैध निर्माण और तोड़फोड़ के आरोप में 14 साल जेल की सजा काट चुका है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved