
नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान (America and Iran) के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक और भारतीय शेयर बाजारों (Global and Indian stock market) में हड़कंप मचा दिया है। बीएसई यानी बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (Bombay Stock Exchange) में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटल पिछले एक महीने में करीब 9% या लगभग ₹41 लाख करोड़ घट गया। 27 फरवरी 2026 को कुल मार्केट कैपिटल ₹463 लाख करोड़ था, जो 27 मार्च तक गिरकर ₹422 लाख करोड़ रह गया। इस गिरावट के बावजूद कुछ निवेशकों ने इसे खरीद का अवसर मानते हुए बाजार में प्रवेश किया है।
एक्सपर्ट का क्या कहना है
मार्केट विश्लेषकों का मानना है कि यह गिरावट वैल्यूएशन को आकर्षक बना सकती है। वीके विजयकुमार के अनुसार निफ्टी अब अपनी 10 साल की औसत 22.4 गुना से नीचे, करीब 19 गुना कमाई पर ट्रेड कर रहा है। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मौजूदा ऊर्जा संकट भारत के मैक्रोइकोनॉमिक फंडामेंटल्स पर असर डालता है, तो वैल्यूएशन और भी गिर सकते हैं। उनका कहना है कि स्थिति काफी हद तक युद्ध की अवधि पर निर्भर करेगी; यदि संघर्ष जल्दी समाप्त होता है, कच्चे तेल की कीमतें नरम पड़ती हैं और गैस सप्लाई सामान्य रहती है, तो भारतीय अर्थव्यवस्था झटके को सह सकती है।
तकनीकी अवसर और पोर्टफोलियो बदलाव
Phillip Capital ने इसे तकनीकी अवसर के रूप में देखा है। ब्रोकरेज ने मौजूदा गिरावट अस्थायी बताई और मिडिल ईस्ट में हालात सामान्य होने पर बाजार सुधार की संभावना जताई। इस दौरान उन्होंने अपने पोर्टफोलियो में कैपिटल गुड्स, डिफेंस, बैंकिंग और स्टेपल सेक्टर में हिस्सेदारी बढ़ाई, जबकि ऑटो, आईटी, ऑयल-गैस और फार्मा में कटौती की।
प्रणय अग्रवाल ने भी कहा कि घरेलू कारोबारों के लिए लंबी अवधि के बुनियादी सिद्धांत मजबूत हैं, लेकिन ऊर्जा लागत बढ़ने, स्टैगफ्लेशन के जोखिम और तनाव कम होने के संकेत न मिलने के कारण रक्षात्मक रणनीति अपनाना जरूरी है।
विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट
इस बीच, भारत का विदेशी मुद्रा भंडार भी घट गया है। 20 मार्च को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 11.413 अरब डॉलर घटकर 698.346 अरब डॉलर रह गया। यह मुख्य रूप से स्वर्ण भंडार में भारी कमी के कारण हुआ। इसके एक सप्ताह पहले विदेशी मुद्रा भंडार 7.05 अरब डॉलर घटकर 709.76 अरब डॉलर था। 27 फरवरी को यह भंडार 728.49 अरब डॉलर तक पहुंच चुका था, जो अब तक का उच्चतम स्तर था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved