
इंदौर। इंदौर (Indore) में एमजीएम मेडिकल कॉलेज (MGM Medical College) के बॉयज हॉस्टल में सोमवार को एमबीबीएस प्रथम वर्ष के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अंतरिक्ष अग्रवाल के रूप में हुई है, जो ग्वालियर का रहने वाला था और 2025 बैच का छात्र था। घटना बीआर अंबेडकर हॉस्टल के बी-ब्लॉक की चौथी मंजिल पर स्थित कमरे नंबर 43 की है।
अंतरिक्ष का रूममेट हर्ष कौशिक शाम करीब 5:30 बजे कॉलेज से हॉस्टल लौटा। दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दोस्तों की मदद से दरवाजा खोला गया, जहां अंतरिक्ष कमरे के भीतर फंदे पर लटका मिला। शुरुआती जानकारी के अनुसार उसकी मौत कुछ समय पहले हो चुकी थी।
रूममेट बोला- पढ़ाई को लेकर तनाव था रूममेट हर्ष का कहना है कि अंतरिक्ष पढ़ाई को लेकर तनाव में रहता था। कॉलेज सूत्रों के मुताबिक, वह सोमवार को कॉलेज भी नहीं आया था। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
छात्र के कमरे को किया गया सील
घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हो गए। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, एमवायएच के सुपरिंटेंडेंट डॉ. अशोक यादव सहित कई वरिष्ठ डॉक्टर और प्रोफेसर मौके पर पहुंचे। हॉस्टल प्रशासन ने छात्र के कमरे को सील कर दिया है।
एसीपी बोले-आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं
एसीपी तुषार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर जांच के बाद ही आत्महत्या के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved