तालाब में मिला डाक कर्मचारी का शव

  • बेटी को ससुराल छोडऩे निकला था मृतक, हत्या की आशंका

जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत महगवां क्षेत्र स्थित एक तालाब में आज सुबह एक डाक कर्मचारी का शव उतराता मिला। क्षेत्रीयजनों की सूचना पर तत्काल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद शव को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि मृतक टिकरा क्षेत्र का रहने वाला था जो कि गत दिवस अपनी बेटी को ससुराल छोडऩे के लिए घर से निकला था। जिसके बाद आज सुबह उसका शव महगवां स्थित तालाब में मिला। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाते हुए जांच शुरु कर दी है।


जानकारी अनुसार टिकरा निवासी 42 वर्षीय रघुनाथ पटेल डाक कर्मचारी था। गत दिवस वह अपनी बेटी को ससुराल छोडऩे के लिए निकला था। आज सुबह रघुनाथ का शव महगवां तालाब में उतराता मिला। पुलिस ने बताया कि तालाब से कुछ दूरी पर मृतक की बाईक भी बरामद हुई है। प्रथम दृष्टया पुलिस द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस अधिकारियों की माने तो पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में शोक की लहर है।

Leave a Comment