केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में इंडिया ब्लॉक करेगा प्रदर्शन, दिल्ली में मेगा रैली का ऐलान

नई दिल्ली (New Delhi)। दिल्ली (Delhi ) के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Chief Minister Arvind Kejriwal) की गिरफ्तारी के विरोध में इंडिया ब्लॉक (India Block) एकजुट है। इंडिया ब्लॉक (India Block) ने अब दिल्ली में मेगा रैली (mega rally in delhi) का ऐलान किया है। 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में INDIA ब्लॉक ने विशाल प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यहां बता दें कि दिल्ली के कथित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) की टीम ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया है। आम आदमी पार्टी INDIA गठबंधन की हिस्सा है। अब INDIA गठबंधन के नेताओं ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद एकजुटता दिखाते हुए रामलीला मैदान में मेगा रैली आयोजित करने की बात कही है।

दिल्ली की मंत्री और AAP नेता आतिशी ने कहा, ‘INDIA गठबंधन 31 मार्च को रामलीला मैदान में ‘महा रैली’ का आयोजन कर रही है। यह अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। विपक्ष को एकतरफा हमलों का सामना करना पड़ रहा है।” AAP नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘रामलीला मैदान एक ऐतिहासिक जगह है। देश के बड़े-बड़े आंदोलन रामलीला मैदान में हुए, आम आदमी पार्टी का उदय रामलीला मैदान से हुआ है… इसमें (महा रैली) INDIA गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे और देश को, विश्व को संदेश देंगे।’

AAP नेता और दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने कहा, ‘जिस तरह से दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है, उससे देश भर के वे सभी लोग जो संविधान से प्यार करते हैं और संविधान का सम्मान करते हैं, उनके दिलों में आक्रोश है। यह सिर्फ अरविंद केजरीवाल के बारे में नहीं है बल्कि पूरे विपक्ष को एक-एक करके खत्म करने के लिए पीएम मोदी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रहे हैं, विधायकों को खरीद रहे हैं…या तो विधायकों को पैसे से खरीदा जा रहा है या फिर उन्हें भाजपा में शामिल होने की धमकी दी जा रही है। जो लोग बिकने, झुकने को तैयार नहीं हैं, उन पर फर्जी मुकदमे दर्ज हो रहे हैं।’

सोरेन, ममता और केजरीवाल का जिक्र
इंडिया गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी के नेता आतिशी, गोपाल राय और सौरभ भारद्वाज मौजूद थे। इसके अलावा कांग्रेस नेता और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंद सिंह लवली मौजूद थे। प्रेस वार्ता के दौरान गठबंधन के नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर इंडिया गठबंधन के नेता अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन सबको निशाना बनाया जा रहा है। दिल्ली में एक तरफ मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया और दूसरी तरफ दिल्ली को छावनी में बदल दिया गया है। शनिवार को उन्हें प्रदर्शन नहीं करने दिया गया।

गठबंधन के नेताओं ने कहा, ‘हमारे दफ्तर को चुनाव के समय सील कर दिया गया। दिन भर शहीदी दिवस के मौके पर उनके नेताओं को श्रद्धांजलि देने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। श्रद्धांजलि देने आए नेताओं को रोका गया। भाजपा कह रही है कि भ्रष्टाचार अरविंद केजरीवाल ने किया। लेकिन भाजपा ने किस तरह से शराब घोटाले के आरोपी से इलेक्टोरल बांड से पैसा लिया, ये सबके सामने आ गया। घोटाला का आरोप आप पार्टी पर लगा जबकि 60 करोड़ रुपये भाजपा को इलेक्टोरल बांड से मिले। इस पर कोई एजेंसी कार्रवाई नहीं कर रही।’

यह राजनीतिक रैली नहीं – लवली
कांग्रेस नेता अरविंदर सिंह लवली ने कहा, ‘देश के लोकतंत्र को आज खतरा है। राहुल गांधी ने लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई देश मे छेड़ रखी है। हम मजबूती के साथ इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगियों के साथ हैं। आज चिंता की स्थिति देशभर के लिए है। नौजवानों से अपील करना चाहता हूं कि लोकतंत्र की खुली हवा में सांस लेने के लिए लड़ें। इस स्थिति की कल्पना कभी महात्मा गांधी ने भी नहीं की होगी। चुने हुए मुख्यमंत्रियों को चुनाव से पहले गिरफ्तार किया जा रहा है। प्रमुख विपक्षी पार्टी का खाता फ्रीज किया जा रहा है ताकि वह चुनाव न लड़ सके। 31 मार्च को बड़ी रैली दिल्ली में इंडिया गठबंधन करेगा। यह राजनीतिक रैली नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने के आह्वान के लिए होगी। देश के लोगों को बताया जाएगा कि अपने पुरखों कुर्बानी को जाया न जाने दें।’

Leave a Comment