Karnataka Election: 517 उम्मीदवारों ने नामांकन लिया वापस, अब चुनाव मैदान में बचे इतने हजार कैंडिडेट्स

बेंगलुरु। कर्नाटक चुनाव में नामांकन वापस लेने का सोमवार को आखिरी दिन था। चुनाव अधिकारियों ने बताया है कि 517 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है, जिसके बाद अब चुनाव की रेस में कुल 2,613 उम्मीदवार बचे हैं। साथ ही राज्य में अब चुनाव प्रचार भी तेज हो गया है और कांग्रेस और भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेताओं को चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतार दिया है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रोड शो के बाद अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मैसूर और चामराजनगर का दौरा करने वाली हैं। ये इलाके वोक्कालिगा समुदाय का गढ़ माने जाते हैं। प्रियंका गांधी पुराने मैसूर के इलाके में चुनाव प्रचार करेंगी। कर्नाटक भाजपा में आपसी खींचतान की खबरों के बीच कांग्रेस ने अपना चुाव प्रचार तेज कर दिया है ताकि राज्य में फिर से सत्ता पर काबिज हुआ जाए।

कांग्रेस लिंगायत समुदाय को भी लुभाने में जुटी है। राहुल गांधी के दौरे में भी कांग्रेस ने लिंगायत समुदाय को रिझाने की पूरी कोशिश की थी और राहुल लिंगायत समुदाय के सबसे बड़े गुरु बासवन्ना के समाधि स्थल भी गए थे। कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा राष्ट्रीय नेताओं को कर्नाटक के चुनाव मैदान में उतारने की योजना बना रही है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 30-30 विधानसभा सीटों का दौरा करेंगे। कर्नाटक में 10 मई को एक चरण में मतदान होना है और 13 मई को नतीजों की घोषणा होगी।

Leave a Comment